केजरीवाल को लाये जाने से पहले तिहाड़ जेल के बाहर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Apr 2024 07:17 PM
केजरीवाल को लाये जाने से पहले तिहाड़ जेल के बाहर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सोमवार को तिहाड़ जेल लाये जाने से पहले जेल के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. केजरीवाल को यहां की एक अदालत ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर और ‘मैं भी केजरीवाल’ लिखी टी-शर्ट पहने हुए जेल के प्रवेश द्वार के बाहर एकत्रित हुए. केजरीवाल को जेल संख्या-2 में रखे जाने की संभावना है.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिहाड़ जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. उन्होंने कहा, ”किसी को भी कानून एवं व्यवस्था का उल्लंघन करने नहीं दिया जाएगा.” दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रदर्शन के कारण दिल्ली कैंट से तिलक नगर की ओर जाने जेल रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है. कृपया इस हिस्से से बचें.”

केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत खत्म होने के बाद विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा की अदालत में पेश किया गया. ईडी ने केजरीवाल की 15 दिन की न्यायिक हिरासत का अनुरोध करते हुए कहा था कि उन्होंने पूछताछ में ”बिल्कुल भी सहयोग नहीं किया.” संघीय जांच एजेंसी ने केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. अगले दिन विशेष न्यायाधीश बावेजा ने उन्हें 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया. इसके बाद, अदालत ने ईडी की वह याचिका स्वीकार कर ली, जिसमें उनकी हिरासत में पूछताछ को चार दिन यानी एक अप्रैल तक बढ़ाने का अनुरोध किया गया था.

केजरीवाल को तिहाड़ जेल लाया गया: अधिकारी

दिल्ली की एक अदालत द्वारा 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सोमवार को तिहाड़ जेल लाया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. केजरीवाल को 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था.

जेल के एक अधिकारी ने कहा, “उन्हें तिहाड़ जेल लाया गया और उन्हें जेल नंबर 2 में रखा जाएगा. उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया. उन्हें एक अलग कोठरी में रखा जाएगा.” पिछले साल अक्टूबर में इसी मामले में गिरफ्तार किये गए आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह को पहले जेल नंबर 2 में रखा गया था, लेकिन हाल ही में उन्हें जेल नंबर 5 में स्थानांतरित कर दिया गया था.
इसी मामले में जेल में बंद दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल नंबर एक में बंद हैं, जबकि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता के. कविता महिला जेल की जेल नंबर 6 में हैं. इससे पहले दिन में, प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत से केजरीवाल को 15 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पूछताछ के दौरान ‘बिल्कुल सहयोग’ नहीं किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu