भाजपा ने ‘मैच फिक्सिंग’ वाले बयान के लिए राहुल गांधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Apr 2024 09:06 PM
भाजपा ने ‘मैच फिक्सिंग’ वाले बयान के लिए राहुल गांधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने और एक दिन पहले यहां विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली में उनकी ‘मैच फिक्सिंग’ वाली टिप्पणी के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश जारी करने का आग्रह किया.

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी वाले भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई और कांग्रेस नेता को निर्देश देने का अनुरोध किया कि वह ‘झूठे आरोप’ लगाने के लिए राष्ट्र और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘बिना शर्त’ सार्वजनिक माफी मांगे.

आयोग को सौंपे ज्ञापन में सत्तारूढ़ भाजपा ने उससे कांग्रेस के नेताओं और उसके भ्रामक प्रचार के डिजाइन और तौर-तरीकों पर व्यापक विचार करने का आग्रह किया और आरोप लगाया कि वे न केवल लोगों के बीच असंतोष पैदा कर रहे हैं बल्कि आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन करके ‘आदतन और सिलसिलेवार तरीके से’ चुनावी ‘अपराध’ कर रहे हैं. आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पुरी ने कहा कि जनसभा के दौरान गांधी की टिप्पणी ‘अत्यंत आपत्तिजनक’ थी क्योंकि यह न केवल आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है बल्कि इसके गंभीर प्रभाव भी हो सकते हैं.

उन्होंने कहा, ”कल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह (लोकसभा चुनाव) एक फिक्स मैच है. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने निर्वाचन आयोग में अपने लोगों को तैनात किया है. उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव के बाद संविधान बदल दिया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”हमने निर्वाचन आयोग से राहुल गांधी, अन्य कांग्रेस नेताओं और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया.” सिंह ने राहुल गांधी पर बार-बार ऐसे बयान देने का आरोप लगाया और कहा कि निर्चाचन आयोग को लोकसभा चुनावों के दौरान उनको बोलने से रोकने पर विचार करना चाहिए क्योंकि कांग्रेस नेता ऐसी टिप्पणियां करना बंद नहीं करेंगे.

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली में रविवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी इस लोकसभा चुनाव में ‘मैच फिक्सिंग’ की कोशिश कर रहे हैं, ताकि भारी बहुमत से चुनाव जीतकर संविधान खत्म किया जा सके. गांधी ने लोगों का आ”ान किया कि वे इस ‘मैच फिक्सिंग’ को रोकने के लिए पूरी ताकत से मतदान करें, क्योंकि यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है.

सिंह ने आरोप लगाया कि आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार को भांपते हुए राहुल और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता हताशा में प्रधानमंत्री मोदी, न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग और अन्य सभी संस्थाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, ”हमने निर्वाचन आयोग से कहा कि राहुल गांधी का बयान राष्ट्रविरोधी है और आदर्श आचार संहिता, भारतीय दंड संहिता, चुनाव कानून और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम का घोर उल्लंघन है.”

उन्होंने कहा, ”निर्वाचन आयोग ने कहा कि वह (मामले में) सख्त कार्रवाई करेगा.” भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में आयोग से कांग्रेस नेता और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे यतींद्र सिद्धरमैया के खिलाफ मैसूर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने का भी आग्रह किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu