बीजापुर: मुठभेड़ में एक महिला समेत 10 नक्सली ढेर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 06:50 PM
बीजापुर: मुठभेड़ में एक महिला समेत 10 नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली समेत 10 नक्सलियों को मार गिराया. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लेंड्रा गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया है.

उन्होंने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षाबलों को नक्सल रोधी अभियान के तहत रवाना किया गया था. दल में डीआरजी, एसटीएफ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दल जब लेंड्रा गांव के जंगल में था तब आज सुबह लगभग छह बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए. बाद में जब घटनास्थल की तलाशी ली गई तब वहां एक महिला समेत 10 नक्सलियों के शव मिले. एक एलएमजी ऑटोमेटिक हथियार, एक 303 राइफल, एक 12 बोर की बंदूक, बड़ी संख्या में बीजीएल लांचर और अन्य हथियार तथा विस्फोटक पदार्थ बरामद किए गए. मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है.

उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है. प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि मारे गए नक्सली माओवादियों की पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) के कंपनी नंबर दो के सदस्य थे. पुलिस के मुताबिक, इससे पहले सुरक्षाबलों ने 27 मार्च को बीजापुर के बासागुड़ा इलाके में मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया था.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के साथ, इस वर्ष अब तक बीजापुर जिले सहित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 43 नक्सली मारे गए हैं. बीजापुर जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav