केजरीवाल के मुख्यमंत्री बने रहने पर भाजपा ने उठाए सवाल, कहा- दिल्ली की जनता बेहतर की हकदार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 09:24 PM
केजरीवाल के मुख्यमंत्री बने रहने पर भाजपा ने उठाए सवाल, कहा- दिल्ली की जनता बेहतर की हकदार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/रांची. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को जेल में बंद होने के बावजूद अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने पर सवाल उठाया और कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के लोग बेहतर मुख्यमंत्री के हकदार हैं जो उन्हें एक ईमानदार और पारदर्शी सरकार दे सके.

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने केजरीवाल पर ‘दोहरा मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और एक अन्य मंत्रिमंडलीय सहयोगी सत्येंद्र कुमार जैन से इस्तीफा ले लिया लेकिन आबकारी नीति मामले में गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा देने से इनकार कर दिया. भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि यह संवैधानिक नैतिकता का भी मामला है. उन्होंने हैरानी जताई कि केजरीवाल सलाखों के पीछे से अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कैसे कर सकते हैं.

भाजपा नेता ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक राजनीति में आए थे तो उन्होंने दावा किया था कि वह भ्रष्टाचार को खत्म कर देंगे लेकिन वह इसका पर्याय बन गए हैं. भाटिया ने कहा, ”उन्होंने जेल से एक मौजूदा मुख्यमंत्री के रूप में सरकार चलाकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है.” केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल की ओर से उनका बचाव किए जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को दिल्ली की सेवा करने के लिए उनकी पार्टी में कोई उपयुक्त नेता नहीं मिला क्या.

उन्होंने कहा कि आप नेता मीडिया के सामने सभी तरह के दावे करते हैं, लेकिन उनकी दलीलों का अदालतों पर कोई असर नहीं पड़ा है.
उन्होंने कहा कि केजरीवाल और अन्य गिरफ्तार पार्टी नेताओं को कई प्रयासों के बावजूद उच्चतम न्यायालय तक ने कोई राहत देने से इनकार कर दिया गया है. आप के कई नेताओं की केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा कार्रवाई किए जाने की आशंका के बीच भाटिया ने कहा कि अगर वे भ्रष्टाचार में शामिल होंगे तो उन्हें जेल जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा, ”यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता है कि किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.”

पार्टी में शामिल होने के लिये भाजपा द्वारा संपर्क किये जाने का आतिशी का दावा राजनीतक स्टंट : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी के इस दावे को एक ‘राजनीतिक स्टंट’ करार दिया कि भगवा खेमे ने एक ‘बेहद करीबी’ व्यक्ति के माध्यम से उनसे पार्टी में शामिल होने के लिए संपर्क किया था . भाजपा के राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि ”आप नेताओं ने शराब घोटाले में लोगों की गाढ़ी कमाई लूट ली है, और अब वे उन्हें गुमराह करने के लिए मगरमच्छी आंसू बहा रहे हैं .”

आतिशी अपने दावे के पक्ष में सबूत दें अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें: वीरेंद्र सचदेवा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी को उनके इस आरोप का ब्योरा देने की चुनौती दी कि उन्हें भाजपा में शामिल होने की पेशकश की गयी था अथवा कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया था. सचदेवा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि आतिशी अपने इस दावे के पक्ष में सबूत देने में विफल रहती हैं कि भाजपा ने उनके एक करीबी मित्र के माध्यम से पार्टी में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क किया था, तब भाजपा आप की मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ” यदि आतिशी उस व्यक्ति का ब्योरा नहीं दे पाती हैं जिसके बारे में उन्होंने दावा किया है कि उसने भाजपा में शामिल होने के लिए हमारी तरफ से उनसे संपर्क किया था, तब हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. वह हम पर निराधार आरोप लगाकर बचकर नहीं निकल सकती हैं.”

इस बीच, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी आप नेता से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि वह अपने दावे के समर्थन में सबूत नहीं देती हैं तो उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए. उन्होंने कहा, ” हम चाहते हैं कि हम पर झूठा आरोप लगाने को लेकर आतिशी माफी मांगें अथवा उस व्यक्ति के बारे में सबूत दें जिसने उनसे संपर्क किया. यदि आज शाम तक वह अपने दावे के पक्ष में कुछ पेश नहीं कर पाती हैं तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu