भाजपा भगवान राम का राजनीतिकरण कर रही : कांग्रेस नेता गौरव गोगोई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 07:20 PM
भाजपा भगवान राम का राजनीतिकरण कर रही : कांग्रेस नेता गौरव गोगोई
ऑडियो सुनें

माजुली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भगवान राम का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भगवान राम सभी के हैं और वोट के लिए उनके नाम का इस्तेमाल करना ‘घृणित कृत्य’ है. निवर्तमान लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई ने ‘पीटीआई-वीडियो सेवा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि भगवान राम का राजनीतिकरण उनका अपमान है.

भाजपा द्वारा चुनाव में अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मुद्दा उठाए जाने और कांग्रेस की इस मुद्दे पर आलोचना करने के सवाल पर गोगोई ने कहा, ”भगवान राम सभी के हैं, भगवान राम किसी खास राजनीतिक दल के नहीं हैं और भगवान राम का राजनीतिकरण उनके साथ अन्याय है, उनका अपमान है.” उन्होंने कहा, ”भगवान राम के नाम पर वोट मांगना घृणित कृत्य है.” नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने कहा कि असम की जनता की इन दोनों मुद्दों पर अलग-अलग राय है.

गोगोई ने कहा, ”इस समय लोग सीएए को लेकर काफी बेचैन हैं और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करना चाहते हैं. हालांकि, असम की भाजपा सरकार ने विरोध करने का अधिकार भी छीन लिया है.” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ” अगर छात्र प्रदर्शन करना चाहे तो उसे जेल भेज दिया जाता है, अगर व्यक्ति सवाल करे तो उसकी नौकरी चली जाती है. अगर लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं कर सकते तो लोकतंत्र कहां है?” गोगोई को कांग्रेस ने असम की जोरहाट सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस नेता इस समय कलियाबोर सीट से सांसद हैं जिसे परिसीमन के बाद काजीरंगा नाम दिया गया है. इस बार वह जोरहाट से चुनाव लड़ रहे हैं जिसका प्रतिनिधित्व उनके दिवंगत पिता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने संसद में तीन बार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu