अगर राहुल प्रचार के लिए असम आते हैं तो कांग्रेस के बाकी सदस्य भाजपा में शामिल हो जाएंगे: हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 10:24 PM
अगर राहुल प्रचार के लिए असम आते हैं तो कांग्रेस के बाकी सदस्य भाजपा में शामिल हो जाएंगे: हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वह चुनाव प्रचार के लिए राज्य में आते हैं तो कांग्रेस के बाकी सदस्य भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो जाएंगे. मुख्यमंत्री ने हालिया दिनों में कांग्रेस के कई नेताओं और सदस्यों के भाजपा में शामिल होने का जिक्र करते हुए कहा, ”मैं चाहता हूं कि राहुल गांधी आएं और राज्य में प्रचार करें ताकि जो लोग अभी भी कांग्रेस में हैं वे भी भाजपा में शामिल हो जाएं.”

शर्मा ने जनवरी में आयोजित ‘भारत जोड़ो न्याय’ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल एक बार असम आए और उसके बाद कांग्रेस के कई सदस्य भाजपा में शामिल हो गए. उन्होंने कहा, ”अगर वह दोबारा आएंगे तो मुझे कोई प्रयास नहीं करना पड़ेगा और कई लोग हमारे साथ जुड़ जाएंगे.” शर्मा ने सिलचर में एक रैली में कहा, ”कांग्रेस अब पुराने नोट की तरह है जिसका कोई उपयोग नहीं है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच कोई तुलना नहीं हो सकती है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि लोग गुवाहाटी में राजीव भवन (प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय) जाकर देखें तो वे यह देखकर आश्चर्यचकित हो जाएंगे कि वहां कोई नहीं है और ऐसा प्रतीत होता है कि वहां स्वघोषित कफ्र्यू है.

शर्मा ने कहा कि पूरे देश की जनता प्रधानमंत्री के साथ है और ‘हमें बराक घाटी से भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी होगी क्योंकि हर कोई चाहता है कि मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें.” उन्होंने कहा, ”अगर मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो भारत विश्वगुरु बन जाएगा, इसमें किसी को कोई संदेह नहीं है.” मुख्यमंत्री भाजपा उम्मीदवारों परिमल शुक्लाबैद्य और कृपानाथ मल्लाह द्वारा नामांकन दाखिल करने के लिए बराक घाटी के सिलचर (एससी) और करीमगंज निर्वाचन क्षेत्रों के एक दिवसीय दौरे पर थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu