प्रधानमंत्री चीन के भारतीय सीमा में घुसने के समय सो रहे थे: मल्लिकार्जुन खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Apr 2024 08:12 PM
प्रधानमंत्री चीन के भारतीय सीमा में घुसने के समय सो रहे थे: मल्लिकार्जुन खरगे
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को चीन के भारतीय क्षेत्र में ‘घुसने’ के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर नींद की गोली खाकर ‘सोने’ का आरोप लगाया. इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी देश के बारे में नहीं सोचते बल्कि गांधी परिवार को गालियां देते रहते हैं. खरगे ने कहा कि ‘मोदी हर किसी को डरा रहे हैं और झूठों के सरदार’ हैं. वे चित्तौड़गढ. में कांग्रेस उम्मीदवार उदयलाल आंजना के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे.

खरगे ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा,”मोदी जी कहते हैं 56 इंच की छाती है मेरी … मैं नहीं डरूंगा. अरे भाई आप नहीं डरते, तो फिर देश के बहुत बड़े भूभाग को चीन के लिए क्यों छोड़ दिया? वो अंदर घुस कर आ रहे हैं … आप क्या नींद ले रहे हो? क्या नींद की गोली खाये हो?” उन्होंने कहा, ”… तो (मोदी) देश के लिए कभी कुछ सोचते नहीं.. सिर्फ गांधी परिवार को गालियां देना, हमको गालियां देना… यही काम करते हैं. देश के लोगों को सताकर और तबाह करके उनको अपने साथ लेना चाहते हैं. सब जगह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर को उन्होंने पीछे लगाया हुआ है. मैं यह कहूंगा कि ये हमेशा झूठ बोलते रहते हैं.’

खरगे ने कहा कि लोग न तो मोदी पर, न ही उनकी गारंटी पर भरोसा करें. उन्होंने कहा कि मोदी जी की एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई, न दो करोड़ नौकरी आई, न 15 लाख रुपये आये, किसानों की न आमदनी बढ़ी न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ.ा.
उन्होंने कहा कि सब झूठ है, वह एक के ऊपर एक झूठ बोलते हैं. खरगे ने कहा कि अब वह एक नया नाटक लाये हैं- ”ये मोदी की गारंटी है और मोदी जरूर इस गारंटी को अमल में लाएगा.”

उन्होंने कहा,”आपने पुराने गारंटी लागू नहीं की अब अब आगे की गारंटी का क्या है? जो आदमी पुरानी गारंटी को अमल में नहीं लाता उसके आगे की बातों पर कैसे भरोसा कर सकते हैं. तो मोदी की गारंटी पर भरोसा मत करो, मोदी जी के ऊपर भी भरोसा मत करो.” उन्होंने कहा,”सबको डराते हैं, धमकाते हैं लेकिन कांग्रेस के लोग डरने वाले नहीं है. वो हिम्मत से लड़ने वाले हैं. अगर आप उन्हें डराना धमकाना चाहते हैं, तो मोदी जी ये नहीं होने वाला है. आपसे भी ज्यादा लड़ना हमने सीखा है. आपने सिर्फ बात करनी सीखी है. हमने त्याग करना भी सीखा है, लड़ना भी सीखा है और लोगों की भलाई करनी भी सीखी है.” खरगे ने कहा कि जिस देश में सुई नहीं बनती थी उस देश में जवाहर लाल नेहरू व इंदिरा गांधी ने रॉकेट बनाने का काम किया.

अलग-अलग पार्टियों के नेताओं को भाजपा में शामिल करने की घटनाओं पर कटाक्ष करते हुए खरगे ने कहा,”भ्रष्टाचारियों को लेकर आप हुकूमत करते और दूसरों को भ्रष्टाचारी बताते हैं?” उन्होंने आगे कहा,”ये सब झूठे हैं और मोदी जी झूठों के सरदार हैं.” परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधे जाने पर पलटवार करते हुए खरगे ने कहा,”हमेशा यही कहते हैं कि परिवारवाद…. परिवारवाद? गांधी परिवार की बात करते हो. मुझे बताओ 1989 से गांधी परिवार का कोई सदस्य इस देश का प्रधानमंत्री बना है? कोई मंत्री बना है?… फिर भी परिवारवाद की बात करते हैं. उस परिवार ने तो देश की एकता के लिए अपनी जान दे दी.”

उन्होंने कहा कि मणिपुर में दंगे हो रहे, लूट हो रही और घर तबाह हो रहे हैं, लेकिन वे वहां नहीं जा रहे. खरगे ने कहा, ”वह पूरे देश में चुनाव प्रचार करते फिरते हैं, विदेश में अब तक 14 बार जाकर लौट आए लेकिन एक दिन के लिए भी मणिपुर में नहीं गए. ये देशभक्त हैं, देश की चिंता करने वाले लोग हैं? क्यों नहीं गए भाई?” रैली को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी संबोधित किया.

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होगा. पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीट (गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर) में मतदान होगा.
दूसरे चरण में 13 सीट (टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ., राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां) सीट के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu