इजराइल ने गाजा में सहायता कर्मियों पर ड्रोन हमलों को लेकर दो अधिकारियों को किया बर्खास्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 Apr 2024 07:38 PM
इजराइल ने गाजा में सहायता कर्मियों पर ड्रोन हमलों को लेकर दो अधिकारियों को किया बर्खास्त
ऑडियो सुनें

तेल अवीव. इजराइल की सेना ने शुक्रवार को कहा कि उसने गाजा में ड्रोन हमलों में भूमिका के लिए दो अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है. सेना ने तीन अन्य अधिकारियों को इस संबंध में चेतावनी दी है. इन हमलों में खाद्य सामग्री पहुंचाने के अभियान में शामिल सात सहायता र्किमयों की मौत हो गई थी.

सेना ने कहा कि इन अधिकारियों ने गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग किया और सेना के नियमों का उल्लंघन किया था. फलस्तीनियों, सहायता समूहों और मानवाधिकार संगठनों ने कई बार इजराइली बलों पर नागरिकों पर लापरवाही से गोलीबारी करने का आरोप लगाया है और इजराइल इस आरोप से इनकार करता रहा है.

सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने संवाददाताओं से कहा, ”यह एक त्रासदी है.” उन्होंने कहा, ”यह एक गंभीर घटना है जिसके लिए हम जिम्मेदार हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए था और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसा दोबारा न हो.” सेना के अधिकारियों ने कहा कि इजराइली सेना के नियमों के अनुसार, लक्ष्य पर हमला करने से पहले उसकी खतरे के रूप में पहचान की जानी चाहिए.

सेना ने कहा कि कर्नल और मेजर को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि तीन अन्य अधिकारियों को चेतावनी दी गई है. इसने कहा कि जांच के नतीजे सेना के ‘एडवोकेट जनरल’ को सौंप दिए गए हैं, जो यह तय करेंगे कि हत्याओं में शामिल अधिकारियों या किसी अन्य को सजा मिलनी चाहिए या मुकदमा चलाया जाना चाहिए. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ‘वर्ल्ड सेंट्रल किचन’ के कर्मचारियों की मौत को लेकर क्या इस मामले में अब की गई कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय आक्रोश शांत होगा या नहीं. ‘वर्ल्ड सेंट्रल किचन’ एक गैर-लाभकारी और गैर-सरकारी संगठन है जो भोजन सामग्री प्रदान करता है. इस संगठन ने एक बयान में कहा, ”वह इजराइल की जांच को एक महत्वपूर्ण कदम मानता है लेकिन इसमें प्रणालीगत बदलाव की जरूरत है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu