‘इंडिया’ गठबंधन के नेता देश का विकास रोकने के लिए मुझे गाली और धमकी दे रहे हैं : मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Apr 2024 07:31 PM
‘इंडिया’ गठबंधन के नेता देश का विकास रोकने के लिए मुझे गाली और धमकी दे रहे हैं : मोदी
ऑडियो सुनें

भोपाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके घटक दल भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए काम कर रहे हैं और देश के विकास को रोकने के लिए उन्हें गालियां और धमकियां दे रहे हैं. मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव एक नए भारत के निर्माण का मिशन है. उन्होंने सत्तारूढ़ एनडीए के तीसरे कार्यकाल में बड़े और ऐतिहासिक निर्णय लेने के लिए लोगों का आशीर्वाद मांगा. उन्होंने कहा कि उन्हें सुनने के लिए उमड़ी भीड़ से पता चलता है कि चार जून को चुनाव परिणाम क्या होंगे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेता देश का विकास रोकने के लिए उन्हें गालियां और धमकियां दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल उन्हें बचाने का काम कर रहे हैं जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. उन्होंने कहा,” जब मोदी देश की सुरक्षा की गारंटी देता है तो वे मुझे गाली देते हैं, जब मोदी अनुच्छेद 370 (जो जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देता था) को हटाने की गारंटी पूरा करता है, तो वे पाकिस्तान की भाषा में बोलना शुरू कर देते हैं.

उन्होंने कहा, “हमें विकास के रॉकेट को बहुत ऊपर ले जाना है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि वह भगवान महाकाल के भक्त हैं और किसी से नहीं डरते. उन्होंने कहा, ” मोदी या तो भगवान महाकाल के सामने झुकता है या जनता जर्नादन के सामने. मैंने महाकाल के लिए, देश सेवा के लिए गालियां खाना और अपमान को बर्दाश्त करना सीखा है और मैंने देशविरोधी ताकतों को अंजाम तक पहुंचाना भी सीखा है. मोदी इनकी गीदड़ भभकियों से डरने वाला नहीं है.” मोदी ने यह भी कहा कि जब उन्होंने अयोध्या मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गारंटी पूरी की तो विपक्षी नेताओं ने उन्हें गालियां दीं.

राष्ट्रपति मुर्मू के संदर्भ में मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति को हराने की साजिश रची.
उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने और मतदान के सभी रिकॉर्ड तोड़ने को कहा. मप्र में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को बालाघाट में मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu