ओडिशा सतर्कता ने मंगलवार को एक राजस्व निरीक्षक (आरआई) को एक आवेदक से कथित रूप से 3,000 रुपये रिश्वत मांगते और लेते हुए पकड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एक शिकायत के आधार पर सतर्कता अधिकारियों ने बोलांगीर जिले में सैंटाला राजस्व क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक एलन बेहरा को उस समय रंगे हाथों पकड़ा, जब वह एक आवेदक से रिश्वत ले रहा था।
अधिकारियों के अनुसार आरोपी दाखिल-खारिज के एक मामले में कृषि भूमि को आवासीय भूमि में बदलने के लिए फाइल पर जरूरी कार्रवाई करने और सक्षम अधिकारी को क्षेत्रीय जांच रिपोर्ट सौंपने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत ले रहा था। शिकायतकर्ता ने कृषि भूमि के उपयोग में बदलाव के वास्ते सात सितंबर को आॅनलाइन आवेदन दिया था। उसका आरोप है कि कई बार अनुरोध करने के बाद भी आरोपी राजस्व निरीक्षक प्रक्रिया शुरू नहीं कर रहा था और रिश्वत मांग रहा था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बेहरा ने आवेदक के पक्ष में ‘होमस्टेड आरओआर’ जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए 6,000 रुपये की रिश्वत मांगी। अधिकारी ने बताया कि जब आवेदक ने मांगी गई रिश्वत देने में असमर्थता जताई, तो राजस्व निरीक्षक ने रिश्वत की रकम घटाकर 3,000 रुपये कर दी।
उन्होंने बताया कि परेशान होकर और रिश्वत की मांग पूरी न कर पाने के कारण, आवेदक सतर्कता अधिकारियों के पास पहुंचा जिसके बाद राजस्व निरीक्षक को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया गया। अधिकारी के मुताबिक इस सिलसिले में संबलपुर सतर्कता थाने ने भ्रष्टाचार रोकथाम (संशोधन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।