भोपाल. मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने मंगलवार को यह कहते हुए पद से इस्तीफा दे दिया कि वह अपने पिता कांतिलाल भूरिया के लिए प्रचार में व्यस्त हैं. कांतिलाल रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं. भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी को लिखे अपने इस्तीफे में विक्रांत भूरिया ने कहा कि वह राज्य युवा शाखा के प्रमुख के रूप में अपनी भूमिका को उचित रुप से नहीं निभा पा रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के लिए प्रचार करने के लिए पूरा समय देना पड़ रहा है.
विक्रांत भूरिया ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पत्र साझा करते हुए श्रीनिवास से उनकी जगह किसी और को नियुक्त करने का आग्रह किया.
भारतीय युवा कांग्रेस ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मितेंद्र दर्शन सिंह को राज्य युवा शाखा के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया है. मध्यप्रदेश के ग्वालियर से आने वाले नेता सिंह पहले कांग्रेस की युवा शाखा के राष्ट्रीय सचिव थे.
मप्र युवा कांग्रेस प्रमुख बने मितेंद्र दर्शन सिंह
भारतीय युवा कांग्रेस ने मितेंद्र दर्शन सिंह को मध्यप्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने पिता के चुनाव प्रचार में व्यस्तता का हवाला देते हुये पद से इस्तीफा दे दिया था. भारतीय युवा कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मितेंद्र दर्शन सिंह को राज्य युवा शाखा के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया है.” सिंह प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं और अध्यक्ष बनने से पहले वह कांग्रेस की युवा शाखा के राष्ट्रीय सचिव थे.