भ्रष्टाचार का दूसरा नाम द्रमुक, तमिलनाडु के विकास की उसे कोई चिंता नहीं: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 08:49 PM
भ्रष्टाचार का दूसरा नाम द्रमुक, तमिलनाडु के विकास की उसे कोई चिंता नहीं: मोदी
ऑडियो सुनें

वेल्लोर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर ‘घृणा और विभाजनकारी राजनीति’ में लिप्त होने, भ्रष्टाचार का पर्याय होने और राज्य के विकास की कोई चिंता नहीं करने का आरोप लगाया.

लोकसभा चुनाव के तहत 19 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले राज्य के वेल्लोर और मेट्टुपलयम में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की भी कड़ी आलोचना की तथा उसे और द्रमुक को पारिवारवादी दल बताया. उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर द्रमुक को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस मुद्दे पर ‘पहला कॉपीराइट’ सत्तारूढ़ पार्टी के पास है तथा मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के ‘परिवार’ का इरादा राज्य को ‘लूटने’ का है.

उन्होंने द्रमुक पर ‘एक पारिवारिक कंपनी’ होने का आरोप लगाया, जो ‘पुरानी सोच’ के कारण राज्य के युवाओं की प्रगति में बाधा बन रही है. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए उन्होंने वेल्लोर की रैली में कहा, ”भ्रष्टाचार पर द्रमुक का पहला कॉपीराइट है, पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है.” द्रमुक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इसके तीन मानदंड हैं- पारिवारिक राजनीति, भ्रष्टाचार और तमिल संस्कृति का विरोध.

उन्होंने कहा, ”द्रमुक लोगों को भाषा, क्षेत्र, धर्म और जाति के आधार पर बांटती है. वह जानती है कि जिस दिन लोग इसे पहचान जाएंगे, उसे एक भी वोट नहीं मिलेगा. मैंने द्रमुक की दशकों पुरानी खतरनाक राजनीति का पर्दाफाश करने का फैसला किया है.” मोदी ने आरोप लगाया कि एक तरफ देश ‘मेक इन इंडिया’ पहल के साथ प्रगति कर रहा है लेकिन द्रमुक उन लोगों के साथ खड़ी है जो देश में निवेश को खत्म करना चाहते हैं. मोदी ने कांग्रेस पर ‘भेदभाव और बंटवारे का खतरनाक खेल खेलने’ का आरोप लगाया और कहा कि यही काम तमिलनाडु में द्रमुक करती है.

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु में करोड़ों घरों में पाइप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की है लेकिन सत्तारूढ़ द्रमुक ने इसे पार्टी के कार्यकर्ताओं या मतदाताओं के लिए प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा, ”द्रमुक ने हमेशा नफरत और विभाजनकारी राजनीति की है. इसका फोकस कभी भी तमिलनाडु का विकास नहीं रहा है. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि राजग अपने तीसरे कार्यकाल में कोंगू क्षेत्र के विकास के लिए और अधिक उत्साह के साथ काम करेगा.” तमिलनाडु के पश्चिमी क्षेत्र को ‘कोंगु’ क्षेत्र कहा जाता है.

मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि द्रमुक और ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल तुष्टीकरण के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं. कोयंबटूर में एक मंदिर के बाहर सिलेंडर विस्फोट की कथित आतंकवादी घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि द्रमुक सरकार कट्टरपंथियों पर लगाम लगाने के बजाय उन्हें बढ़ावा दे रही है. द्रमुक पर अपना हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा कि यह ‘भ्रष्टाचार और घोटाले का दूसरा नाम’ है.

उन्होंने कहा, ”आज देश 5जी (दूरसंचार) में विश्व रिकॉर्ड बना रहा है लेकिन द्रमुक ने 2जी घोटाले से भ्रष्टाचार फैलाया. कांग्रेस और द्रमुक भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए सबसे आगे हैं. मैं कहता हूं कि भ्रष्टाचार हटाओ, वे कहते हैं कि भ्रष्ट को बचाओ.” द्रमुक नेता और पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा और पार्टी नेता कनिमोई 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में आरोपी थे. हालांकि बाद में एक विशेष अदालत ने उन्हें रिहा कर दिया.

मोदी ने द्रमुक पर सत्ता के कारण अहंकारी होने का आरोप लगाया. द्रमुक के एक नेता ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई के बारे में कथित तौर पर अहंकारी टिप्पणी की थी. प्रधानमंत्री ने कहा, ”पिछड़े समुदाय के एक युवा, एक पूर्व पुलिस अधिकारी का यह अपमान लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे. यह उनका (द्रमुक)असली चरित्र है.” उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर द्रमुक के एक अन्य नेता का हवाला दिया कि उन्होंने कहा है कि मोदी चुनाव के बाद देश छोड़ देंगे, जाहिर तौर पर हारने के कारण.

मोदी ने कहा, ”मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि यह चुनाव भ्रष्टाचार, वंशवाद, ड्रग्स और हर उस राष्ट्रविरोधी को देश से बाहर निकालने के लिए है जिसकी द्रमुक रक्षा करती है.” उन्होंने कांग्रेस और द्रमुक पर ‘परिवारवाद की राजनीति’ को लेकर हमला बोला और आदिवासी समुदाय से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का विरोध करने को लेकर उन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और द्रमुक को लगता था कि केवल उनके बच्चे ही शीर्ष पदों पर पहुंच सकते हैं.

कोयंबटूर क्षेत्र में कपड़ा उद्योग प्रसिद्ध था. उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार बिजली की दरें बढ़ाकर इस क्षेत्र और बुनकरों की आजीविका को बर्बाद करने में योगदान दे रही है. दोनों ही रैलियों में प्रधानमंत्री ने कच्चातिवु मुद्दे पर कांग्रेस और द्रमुक पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि दोनों दलों ने इस मुद्दे पर ‘देश को अंधेरे’ में रखा. ‘शक्ति’ को लेकर की गई टिप्पणी के लिए भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उस पर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया.

उन्होंने पूछा कि मंत्रिमंडल की किस बैठक में कच्चातिवु के बारे में निर्णय लिया गया था और किसको ‘लाभ’ पहुंचाया गया था? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन सवालों के जवाब नहीं दिए हैं. वर्ष 1974 में जब कच्चातिवु द्वीप श्रीलंका को सौंपा गया था तब कांग्रेस और द्रमुक क्रमश: केंद्र और राज्य की सत्ता में थे.

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार किया जाता रहा और उनकी नौकाएं जब्त की जाती रहीं जबकि कांग्रेस और द्रमुक ने उनके प्रति सहानुभूति का ‘दिखावा’ किया. मोदी ने कहा कि राजग सरकार उनकी ‘स्थायी रिहाई’ सुनिश्चित कर रही है तथा श्रीलंका में पांच भारतीय मछुआरों को फांसी से बचाया भी है.

उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक, तमिलनाडु के विकास के लिए केंद्र की ओर से दिए गए हजारों करोड़ रुपये में भ्रष्टाचार करती है. उन्होंने कहा, ”यह बात सामने आई है कि रेत तस्करों ने तमिलनाडु को 4,600 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है.” मोदी ने कहा कि द्रमुक ने तमिलनाडु में मादक पदार्थों की कथित समस्या से निपटने के बजाय, ‘युवाओं के भविष्य’ तक को ताक पर रख दिया और इससे स्कूली छात्र भी प्रभावित हुए हैं.

उन्होंने कहा, ”यह पता होना चाहिए कि एनसीबी द्वारा गिरफ्तार किया गया मादक पदार्थ तस्कर किस परिवार से जुड़ा है. तमिलनाडु के लोग जवाब मांगेंगे.” प्रधानमंत्री संभवत: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा पिछले महीने द्रमुक के निष्कासित पदाधिकारी जाफर सादिक को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के करीब 3,500 किलोग्राम स्यूडोफेड्रइन की तस्करी में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किए जाने के संदर्भ में बोल रहे थे.

एनसीबी ने कहा है कि तमिल और हिंदी फिल्म फाइनेंसरों और कुछ ‘हाई प्रोफाइल’ लोगों के साथ सादिक के संबंध और ‘राजनीतिक फंडिंग’ के कुछ मामले जांच के दायरे में हैं. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘राजकुमार’ कहकर संबोधित करते हुए मोदी ने उनके ‘शक्ति’ वाले बयान को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हिंदू आस्था की ‘शक्ति’ को नष्ट करने की बात करते हैं. उन्होंने कहा, ”द्रमुक की भी यही मानसिकता है. वे सनातन धर्म की बुराई करते हैं…राम मंदिर (अयोध्या) के उद्घाटन का बहिष्कार करते हैं.” तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा. मोदी ने मंगलवार को चेन्नई में रोड शो किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu