कतर के राष्ट्रपति से फोन पर प्रधानमंत्री के बात करने के बाद हुई थी पूर्व नौसैनिकों की सजा माफ़: सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 08:20 PM
कतर के राष्ट्रपति से फोन पर प्रधानमंत्री के बात करने के बाद हुई थी पूर्व नौसैनिकों की सजा माफ़: सिंह
ऑडियो सुनें

सहारनपुर/बुलंदशहर/संभल. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि कतर के राष्ट्रपति से फोन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बात करने के बाद वहां पूर्व नौसैनिकों की सजा माफ हुई थी और वे स्वदेश लौटे थे. सहारनपुर में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा में सिंह ने कहा,” मैं एक घटना की जानकारी आप लोगों को देना चाहता हूं. कुछ महीने पहले, कतर में भारतीय नौसेना के कुछ पूर्व अधिकारियों को किन्हीं मामलों में वहां की अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी. ये लोग किन्हीं कंपनियों में काम कर रहे थे.”

उन्होंने कहा,”वे भारत के ही नागरिक थे और हमारी नौसेना में भी अपनी सेवायें दे चुके थे. स्वाभाविक है कि हम लोगों को इससे परेशानी हुई. कोई ऐसा अपराध नहीं था कि उन्हें फांसी की सजा दी जाये . लेकिन कतर की अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुना दी .” सिंह ने कहा, ”उसके बाद इस विषय पर प्रधानमंत्री जी से चर्चा हुई और प्रधानमंत्री ने फोन पर कतर के राष्ट्रपति से बात की. आपको जानकर खुशी होगी कि हमारे नौसेना के जिन पूर्व अधिकारियों को फांसी की सजा सुनायी जा चुकी थी, उन्हें वहां की सरकार ने पूरी तरह से माफ कर दिया और वे सकुशल घर वापस आ गये.”

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की सीमा पर जिस तरह से सेना के जवान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह कर रहे हैं, उनकी सराहना केवल भारत में ही नहीं बल्कि अन्य देशों में होने लगी है. उन्होंने कहा, ”आपका भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा है, बल्कि अब वह ताकतवर भारत बन गया है.” सिंह ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद पूरी दुनिया में भारत का कद बढ़ा है. पहले जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत बोलता था तो उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था. लेकिन आज दुनिया कान खोल कर सुनती है कि आखिर भारत बोल क्या रहा है. इससे पता चलता हैं कि दुनिया भर में भारत की हैसियत बढ़ी है, दुनिया भर में भारत का कद ऊंचा हुआ है.” उन्होंने कहा, ”देश का रक्षा मंत्री होने की हैसियत से मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम भारत का मस्तक कभी झुकने नहीं देंगे. भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा बल्कि ताकतवर भारत बन गया है .”

सिंह ने कहा,” कुछ साल पहले लोगों के बीच यह धारणा थी कि नेता वोट लेने के लिए झूठ बोलते हैं और चले जाते हैं. उन्हें जनता की परवाह नहीं है.” उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस धारणा को बदला है और दिखाया है कि राजनीति कैसे की जाती है. उन्होंने कहा ”यह हमारा चरित्र है कि हम जो कहते हैं वह करते हैं.” रक्षा मंत्री ने कहा कि अक्सर राजनीतिक दल अपने घोषणा पत्र में बड़े-बड़े वादे करते हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद वे सब भूल जाते हैं . उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिये नहीं, बल्कि देश बनाने के लिए की जानी चाहिए और भारतीय जनता पार्टी यही काम कर रही है .

सिंह ने कहा ,”हमने राजनीति में विश्वास के संकट पर काबू पा लिया है. हमने अनुच्छेद 370 हटाने का वादा किया था और सत्ता में आने के बाद हमने यह वादा पूरा किया. हमने तीन तलाक खत्म करने का वादा किया था और संसद में बहुमत मिलने के बाद हमने इसे हटा दिया. हम जो कहते हैं, वह हम करते हैं.” बाद में बुलंदशहर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि 2014 के चुनावी घोषणापत्र में भाजपा ने जो वादे किये थे, उन्हें उसने अक्षरश: पूरा किया .

उन्होंने कहा, ”2019 के घोषणा पत्र समिति की अध्यक्षता मैंने की. अब 2024 में जो घोषणापत्र बन रहा है, उसकी समिति की अध्यक्षता भी मैं ही कर रहा हूं. भाजपा जो वादे करती हैं उसे पूरा करती है.” उन्होंने कहा,” हमने कठिनाइयों की चिंता नहीं की, चिंता इस बात की कि जो वादे किये हैं वे पूरे होने चाहिये.” उन्होंने कहा,” हमने कहा था कि हम सत्ता में आयेंगे तो हम नागरिकता का कानून पारित करेंगे. लोग इसपर हिन्दू-मुस्लिम का खेल खेलने लगे. हमने समाज को बांटने की राजनीति नहीं की है. हमने सबको बराबरी के नजरिये से देखा है.” विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए सिंह ने कहा,” जहां तक समाजवादी पार्टी और अन्य पार्टियों का प्रश्न है, तो उनकी हालत दिनों-दिन पतली होती जा रही है. 2024 के चुनाव में इनको साफ कर दीजिये.”

उन्होंने कहा,”कांग्रेस तो लुप्त होती जा रही है. कुछ बरस बाद लोग पूछेंगे कि कौन सी कांग्रेस ? ” बाद में संभल के चंदौसी के आशीष गार्डन में सिंह ने सोशल मीडिया लोकसभा वालंटियर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा ,” मैं सारे देश का मूड देख रहा हूं, और इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि देश की जनता इस बार भाजपा को 400 से ज्यादा सीट जिता कर मोदी जी की सरकार बनाएगी.” उन्होंने कहा कि सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मुहैया करा रही है, जिनमें सभी वर्ग और धर्म को मानने वाले लोग शामिल हैं . उन्होंने कहा कि इसी तरह आवास भी सभी जाति, पंथ और मजहब मानने वाले लोगो को मिल रहे हैं .

उन्होंने कहा कि सपा , बसपा और कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा है, ये लोग हिन्दू मुस्लिम में नफरत पैदा करके और जात-पात के नाम पर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं. सहारनपुर और बुलंदशहर में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा. संभल में तीसरे चरण में मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu