हिंदू धर्म को तबाह करने का प्रयास करने वाली कांग्रेस को जनता सबक सिखाएगी: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Apr 2024 07:45 PM
हिंदू धर्म को तबाह करने का प्रयास करने वाली कांग्रेस को जनता सबक सिखाएगी: मोदी
ऑडियो सुनें

ऋषिकेश. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को जनता से एक बार फिर देश में एक स्थिर सरकार देने का आह्वान किया और कहा कि उनके नेतृत्व वाली मजबूत सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश को पहले के मुकाबले कई गुना मजबूत किया है. उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक देश में कमजोर और अस्थिर सरकारें रहीं, तब तक भारत में आतंकवाद ने पैर पसारे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी मजबूत सरकार में आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा जाता है. उन्होंने कहा,”आज युद्ध क्षेत्र में तिरंगा भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है.” मोदी ने कहा कि उनकी मजबूत सरकार ने आजादी के सात दशकों बाद जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म किया, तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण दिया, सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया और पूर्व सैनिकों को ‘ओआरओपी’ (वन रैंक, वन पेंशन) का लाभ दिया .

उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो ओआरओपी कभी लागू नहीं होता, लेकिन उन्होंने इसे लागू करके एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा पूर्व सैनिकों के खाते में पहुंचा दिए. उन्होंने कहा कि इन एक लाख करोड़ रुपये में से उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के परिवारों को साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में तो सैनिकों के पास बुलेट प्रूफ जैकेटों की भी कमी थी लेकिन भाजपा ने अपने सैनिकों के जीवन की रक्षा के लिए न केवल इस कमी को पूरा किया बल्कि उनके लिए आधुनिक राइफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं .

कांग्रेस की सरकारों को कमजोर बताते हुए उन्होंने कहा कि वे सीमाओं पर आधारभूत संरचनाएं नहीं निर्मित करा सकीं, जबकि आज पूरी सीमा पर आधुनिक सड़कें और सुरंगें बन रही हैं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सीमांत गांवों को अंतिम गांव की जगह पहला गांव मानकर विकास कर रही है. प्रधानमंत्री ने कहा कि बाबा केदारनाथ की भूमि पर उन्होंने वर्तमान दशक को उत्तराखंड का दशक कहा था और इसको देखते हुए उनकी सरकार लगातार उत्तराखंड के सामर्थ्य का विस्तार करने में जुटी है.

इस संबंध में उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुमांउ क्षेत्र में मानसखंड के तीर्थस्थलों जैसे आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की गयी हैं. यमुनोत्री, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे बनने से बहुत सुविधा हो जाएगी . उन्होंने कहा कि पिछले साल केदारनाथ में 20 लाख श्रद्धालु और सभी चार धामों में कुल 55 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. मोदी ने कहा कि पिछले साल उन्होंने मानसखंड में आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा की जिसके बाद से वहां भी सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं.

उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि भाजपा की नीयत सही है और जब नीयत सही हो तो नतीजे भी सही होते हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन का विकास केवल एक क्षेत्र का विकास नहीं है बल्कि इसका मतलब रोजगार के ज्यादा अवसर भी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास ने लोगों के पलायन को पीछे छोड़ दिया है और अब उत्तराखंड में स्टार्टअप की खबरें आ रही हैं जहां युवाओं ने 1000 से भी अधिक स्टार्टअप दर्ज किए हैं.

उत्तराखंड में स्टार्टअप शुरू करने वालों में आधी यानी करीब 500 महिलाएं हैं. इस संबंध में उन्होंने मुद्रा योजना का भी जिक्र किया जिससे बड़ी संख्या में ‘होमस्टे’, दुकानें, ढाबे आदि बनाए जा रहे हैं . उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो युवाओं और गरीबों को मिलने वाला पैसा बिचौलिए खा जाते थे, लेकिन भाजपा सरकार उनका पैसा सीधे उनके खातों में अंतरित कर रही है .

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस की सरकार होती तो यह सब कुछ लूट लिया जाता. यह लूट मोदी ने बंद कर दी है.” मोदी ने कहा कि इसी कारण उनके खिलाफ कांग्रेस का गुस्सा सातवें आसमान पर है और वे उनके खिलाफ कुछ भी बोलते रहते हैं. उन्होंने कहा कि जब वह कहते हैं कि भ्रष्टाचार हटाओे, तो वे कहते हैं कि भ्रष्टाचारी बचाओ. उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया और कहा कि इसके लिए जनता उसे सबक सिखा कर रहेगी .

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास और विरासत दोनों की विरोधी है. उन्होंने कहा,” कोई भी नहीं भूल सकता कि कांग्रेस पार्टी ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए. यह कांग्रेस ही है जिसने राम मंदिर का विरोध किया.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती रही है कि हर की पौड़ी मां गंगा के किनारे नहीं है, वह एक नहर के किनारे स्थित है. प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा जी के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों को उत्तराखंड के लोग सबक सिखाकर रहेंगे. उन्होंने जनता से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तराखंड की सभी पांच सीट पर एक बार फिर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए कहा. वर्ष 2014 और 2019 में प्रदेश की सभी पांच सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu