कांग्रेस कुछ सालों में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 12 Apr 2024 08:16 PM
कांग्रेस कुछ सालों में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

गौचर. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस कुछ सालों में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी. उन्होंने उसके अंदर चल रही अंतर्कलह की तुलना टेलीविजन रियल्टी शो ‘बिग बॉस’ से की . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने यहां एक चुनावी सभा में कहा, ”कांग्रेस से नेताओं का बाहर निकलना जारी है. एक के बाद एक नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और भाजपा में शामिल हो रहे हैं. मुझे डर है कि आज से कुछ सालों में कांग्रेस डायनासोर की तरह विलुप्त न हो जाए.”

उन्नीस अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले पौड़ी लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ” मुझे डर है कि आज से कुछ सालों बाद कांग्रेस कहीं डायनासोर की तरह विलुप्त न हो जाए . 2024 के बाद कुछ सालों में अगर हम कांग्रेस का नाम लेंगे तो बच्चे पूछेंगे कि कौन?”

उन्होंने विपक्षी दल के अंदर जारी गुटबाजी पर भी टिप्पणी की उन्होंने कहा, ”वे (कांग्रेस नेता) हर दिन एक-दूसरे से लड़ रहे हैं. उनकी पार्टी टेलीविजन पर बिग बॉस के घर की तरह हो गई है. रोजाना वे एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं.” रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत देश के रूप में उभरा है, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी आवाज स्पष्ट रूप से सुनी जाती है और उसे गंभीरता से लिया जाता है .

उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन में फंसे 22500 भारतीय छात्रों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने के लिए मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन, यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से बातचीत की जिसके बाद रूस-यूक्रेन युद्ध चार घंटे से ज्यादा समय तक रूका रहा .

सिंह ने कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत द्वारा की गयी प्रगति को दुनिया ने माना है . इस संबंध में उन्होंने भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गारसेटी का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर दुनिया को भविष्य देखना है तो उसे भारत आना पड़ेगा .
रक्षा मंत्री ने कहा, ”अब हम ज्यादातर रक्षा उपकरण देश में ही बना रहे हैं. पहले हम 600 करोड़ रुपये के उपकरण ही निर्यात करते थे लेकिन पिछले केवल सात सालों में ही हम 21000 करोड़ रुपये से ज्यादा के रक्षा उपकरण निर्यात कर रहे हैं. भारत अब एक साधारण देश नहीं है.” उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो कहती है, वही वह करती है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपना घोषणापत्र शब्दश: लागू किया है.

उन्होंने कहा, ”हमने कहा था कि हम जम्मू-कश्मीर से अनुच्छे 370 हटाएंगे, हमने उसे हटा दिया. हमने कहा कि हम नागरिकता संशोधन कानून लाएंगे, हमने वह किया. हम 1984 से कह रहे थे कि हम अयोध्या में भव्य राममंदिर बनाएंगे और हमने वह भी कर दिया.” उन्होंने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस जैसी पार्टियां लोगों से झूठे वादे करती रही हैं . उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने अपने घोषणापत्रों के 50 फीसदी वादे भी पूरे किए होते तो भारत अब तक विकसित देश बन जाता .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu