पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के शासन में अराजकता फैली हुई है : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 09:11 PM
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के शासन में अराजकता फैली हुई है : राजनाथ
ऑडियो सुनें

जलांगी (पश्चिम बंगाल). रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के शासन में अराजकता फैली हुई है. उन्होंने कहा कि राज्य में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद संदेशखालि जैसी घटनाएं हो रही हैं.

राजनाथ ने यहां मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार गौरी शंकर घोष के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के शासन में अराजकता फैली हुई है.” उन्होंने कहा कि संदेशखालि में महिलाओं पर अत्याचार के आरोपों को लेकर दुनिया भर के लोग र्शिमंदा हैं. तृणमूल कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेताओं पर राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के साथ-साथ आदिवासियों सहित ग्रामीणों की जमीन हड़पने के आरोप लगे हैं.

रक्षा मंत्री ने कहा, ”यहां राज्य में गुंडों का बोलबाला है और लोग डरे हुए हैं. बंगाल भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के सबसे महत्वपूर्ण केंद्रों में से एक था, जिसने देश को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के माध्यम से राष्ट्रीय गीत और रवींद्रनाथ टैगोर के जरिये राष्ट्रगान दिया, लेकिन अब बंगाल आपराधिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है.” राजनाथ ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि राज्य में एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद संदेशखालि जैसी घटनाएं कैसे हो सकती हैं, अगर राज्य में भाजपा जीतती है, तो कोई भी ऐसी घटनाओं को दोहराने की हिम्मत नहीं करेगा.

उन्होंने कहा, ”जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारी जांच करने जाते हैं तो उन पर गुंडों द्वारा हमला किया जाता है… राज्य में कानून व्यवस्था मौजूद नहीं है. किसी भी राज्य का विकास, वहां कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति पर निर्भर करता है.” भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार के शासनकाल में राज्य में ”लूट” चल रही है.
उन्होंने कहा, ”स्कूली नौकरियों की भर्ती में भी घोटाला हुआ, ऐसा लगता है कि प्रदेश में हर चीज में घोटाला हो रहा है.” रक्षा मंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर तृणमूल सुप्रीमो के जोरदार विरोध को लेकर कहा कि यह कानून पश्चिम बंगाल में जरूर लागू होगा.

सिंह ने कहा कि धार्मिक आधार पर शरणार्थी के रूप में बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से पश्चिम बंगाल सहित भारत के अन्य हिस्सों में आए लोगों को नागरिकता दी जाएगी और ऐसा करने से दुनिया की कोई ताकत सरकार को नहीं रोक सकती.
सिंह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में ”बुरा बोलती हैं”, जबकि वह पश्चिम बंगाल सहित देश के सभी लोगों के विकास के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने गरीबी हटाने की बात कही थी, लेकिन ”यह पहली बार है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस लक्ष्य को सही मायने में हासिल किया जा रहा है”. उन्होंने कहा कि नीति आयोग और कई विशेषज्ञों ने कहा है कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu