वर्मा का अर्धशतक, मुंबई ने रॉयल्स को 180 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Apr 2024 09:37 PM
वर्मा का अर्धशतक, मुंबई ने रॉयल्स को 180 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

जयपुर. तिलक वर्मा के अर्धशतक और निहाल वढेरा के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियन्स ने खराब शुरुआत से उबरते हुए इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नौ विकेट पर 179 रन बनाए. वर्मा ने 45 गेंद में तीन छक्कों और पांच चौकों की मदद से 65 रन की पारी खेलने के अलावा वढेरा (49) के साथ पांचवें विकेट के लिए 99 रन जोड़कर टीम को खराब शुरुआत से उबरा जो 52 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी. वढेरा ने 24 गेंद का सामना करते हुए चार छक्के और तीन चौके मारे.

रॉयल्स की तरफ से संदीप शर्मा (18 रन पर पांच विकेट) ने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की. ट्रेंट बोल्ट (32 रन पर दो विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए दो विकेट चटकाए. युजवेंद्र चहल (48 रन पर एक विकेट) और आवेश खान (49 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया लेकिन दोनों काफी महंगे साबित हुए. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई इंडियन्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में छह रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा (06) और इशान किशन (00) के विकेट गंवा दिए.

ट्रेंट बोल्ट के पारी के पहले ओवर में ही बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में रोहित गेंद को हवा में लहरा गए और विकेटकीपर संजू सैमसन ने आसान कैच लपका. अगले ओवर में संदीप शर्मा ने इशान को कप्तान सैमसन के हाथों कैच कराके मुंबई को दूसरा झटका दिया.
सूर्यकुमार यादव (10) ने बोल्ट पर दो चौके मारे लेकिन संदीप की गेंद को मिड ऑन पर रोवमैन पावेल के हाथों में खेल गए. मोहम्मद नबी (23) ने आवेश खान की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके लगाए जिससे टीम ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 45 रन बनाए.

युजवेंद्र चहल नबी को अपनी ही गेंद पर लपककर आईपीएल में 200 विकेट के आंकड़े को छूने वाले पहले गेंदबाज बने और मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 52 रन किया. वर्मा ने रविचंद्रन अश्विन पर छक्का और आवेश पर चौका मारा जबकि निहाल वढेरा ने चहल की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए. वढेरा ने अश्विन की गेंद पर दो रन के साथ 13वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर आवेश पर दो छक्कों के साथ उनके ओवर में 19 रन बटोरे. वर्मा ने चहल पर छक्के के साथ 38 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि वढेरा ने भी इसी ओवर में लगातार दो छक्के मारकर 16वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.

वढेरा हालांकि अगले ओवर में बोल्ट की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर संदीप को आसान कैच दे बैठे. कप्तान हार्दिक पंड्या 10 गेंद में 10 रन बनाने के बाद आवेश की गेंद पर पगबाधा हुए. वर्मा ने पारी के अंतिम ओवर में संदीप की पहली गेंद पर पावेल को कैच थमाया. संदीप ने इसके बाद गेराल्ड कोएट्जी (00) और टिम डेविड (03) को आउट करके पारी में पांच विकेट पूरे किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu