छग : निर्वाचन आयोग ने धार्मिक पोस्टर पर तस्वीर को लेकर भाजपा उम्मीदवार को जारी किया नोटिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Apr 2024 06:42 PM
छग : निर्वाचन आयोग ने धार्मिक पोस्टर पर तस्वीर को लेकर भाजपा उम्मीदवार को जारी किया नोटिस
ऑडियो सुनें

कोरबा/रायगढ़. निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ के कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को एक धार्मिक कार्यक्रम के पोस्टर और बैनर पर उनकी तस्वीर को लेकर आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस की शिकायत के बाद कोरबा लोकसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने शुक्रवार को भाजपा उम्मीदवार सरोज पांडे को नोटिस जारी कर उनसे 29 अप्रैल तक जवाब मांगा. उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, भाजपा ने शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिरमिरी शहर में धीरेंद्र गिरि शास्त्री के एक धार्मिक कार्यक्रम के लिए पांडे और भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के मंत्रियों की तस्वीरों वाले बैनर और पोस्टर लगाए थे. मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र कोरबा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

कांग्रेस ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवार ने चुनाव प्रचार के लिए धार्मिक कार्यक्रम का दुरुपयोग किया और मांग की कि कार्यक्रम के खर्च को उनके चुनाव खर्च में शामिल किया जाना चाहिए. इस बीच, एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चुनाव व्यय पर्यवेक्षक ने शनिवार को भाजपा उम्मीदवार राधेशयाम राठिया को उनके चुनाव खर्च में विसंगतियों पर नोटिस दिया. इसमें कहा गया है कि राठिया ने अब तक अपने चुनाव खर्च के रूप में 7.09 लाख रुपये घोषित किए हैं, जबकि पाया गया है कि उन्होंने 13.83 लाख रुपये खर्च किए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu