चीन के साथ बातचीत सुचारू रूप से चल रही है, भारत कभी नहीं झुकेगा: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Apr 2024 07:12 PM
चीन के साथ बातचीत सुचारू रूप से चल रही है, भारत कभी नहीं झुकेगा: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत और चीन के बीच बातचीत सुचारु रूप से और अच्छे माहौल में चल रही है तथा भारत कभी नहीं झुकेगा. लोकसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवारों के वास्ते प्रचार करने के लिए अहमदाबाद में मौजूद सिंह ने कहा कि भारत सैन्य दृष्टिकोण से एक शक्तिशाली देश बन गया है और अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है.

चीनी आक्रामकता को लेकर नरेन्द्र मोदी सरकार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोप के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा. भारत सैन्य दृष्टि से भी एक शक्तिशाली देश बन गया है. हम अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, भारत और चीन के बीच जो भी मुद्दे हैं, उन पर बातचीत सुचारू रूप से और अच्छे माहौल में चल रही है.

उन्होंने कहा, “मैं समझता हूं कि हमें वार्ता के नतीजे का इंतजार करना चाहिए. लेकिन मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत कहीं भी झुका नहीं है और न ही कभी झुकेगा.” सिंह ने यह भी विश्वास जताया कि भारत का रक्षा निर्यात, जो वित्तीय वर्ष 2023-24 में 21,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया है, आगे चलकर और बढ़ेगा.

उन्होंने कहा, “2014 में हमने 600 करोड़ रुपये का रक्षा सामान निर्यात किया था, लेकिन अब यह आंकड़ा 21,000 करोड़ रुपये को पार कर गया है और मैं कह सकता हूं कि यह बढ़ने वाला है.” मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि रक्षा वस्तुएं, चाहे मिसाइलें और अन्य हथियार, बम या टैंक हों, भारत में और भारतीयों द्वारा बनाई जानी चाहिए. उन्होंने कहा, “आज, हमने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का रक्षा उत्पादन हासिल किया है.”

भाजपा का संकल्प पत्र विकसित भारत की गारंटी देता है, कांग्रेस का घोषणापत्र विभाजनकारी : राजनाथ

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संकल्प पत्र एक नये और विकसित भारत की ठोस गारंटी है, जबकि कांग्रेस का घोषणा पत्र विभाजनकारी और तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित है.
सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल के दौरान गरीबी उन्मूलन में नाकाम रही, जबकि (केंद्र की) नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले आठ-नौ साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है.

उन्होंने दावा किया, ”देश को आगे ले जाने के लिए कांग्रेस के पास नेतृत्व, नीति और इरादा नहीं है. भाजपा सरकार भारत को 2027 तक विश्व की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है.” रक्षा मंत्री ने कहा, ”हमारा संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) एक नये सामर्थ्यवान और विकसित भारत की ठोस गारंटी है. कांग्रेस का घोषणा पत्र विभाजनकारी और तुष्टीकरण से प्रेरित है.” उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के 10 साल के शासन में हुए ”भ्रष्टाचार के खेल” में कांग्रेस की सबसे बड़ी भूमिका थी.

सिंह ने कहा, ”कांग्रेस जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह के समय से गरीबी उन्मूलन की बात करती रही है, लेकिन 50 साल शासन करने के बाद भी ऐसा करने में नाकाम रही. पिछले महज आठ-नौ साल में हमारी सरकार 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफल रही है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu