अफगानिस्तान में बंदूकधारी ने शिया मस्जिद में घुसकर छह नमाज़ियों की जान ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 08:47 PM
अफगानिस्तान में बंदूकधारी ने शिया मस्जिद में घुसकर छह नमाज़ियों की जान ली
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पश्चिमी अफगानिस्तान में एक बंदूकधारी ने एक मस्जिद में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी जिससे वहां नमाज़ पढ़ रहे छह लोगों की मौत हो गई. तालिबान के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. स्थानीय मीडिया ने खबर दी है और अफगानिस्तान के एक पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि इस मस्जिद को इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि यह अल्पसंख्यक शिया समुदाय की है. तालिबान शासित गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि यह हमला सोमवार रात को हेरात प्रांत के गुज़रा जिले में हुआ है. उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि घटना की जांच की जा रही है. हमले में एक शख्स जख्मी भी हुआ है और बंदूकधारी मौके से फरार हो गया. किसी भी संगठन ने हमले की तत्काल जिम्मेदारी नहीं ली है.

स्थानीय मीडिया ने बताया कि मस्जिद का इमाम भी मरने वाले लोगों में शामिल है. अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “मैं इमाम ज़मां मस्जिद पर हमले की कड़ी निंदा करता हूं. मैं इसे सभी धार्मिक और मानवीय स्तरों के खिलाफ आतंकवादी हमला मानता हूं.” अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि घटना में एक बच्चे समेत सात लोग मरे और जख्मी हुए हैं. इस्लामिक स्टेट से जुड़े संगठन अफगानिस्तान में तालिबान के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हैं. वे अक्सर स्कूल, अस्पताल, मस्जिदों और शिया बहुल इलाकों को निशाना बनाते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu