भारत ने ईरान से लगभग 40 भारतीय नाविकों को रिहा करने का किया आग्रह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 May 2024 06:12 PM
भारत ने ईरान से लगभग 40 भारतीय नाविकों को रिहा करने का किया आग्रह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने ईरान से लगभग 40 भारतीय नाविकों को रिहा करने का अनुरोध किया है. इन नाविकों को पिछले आठ महीने में ईरान द्वारा अलग-अलग आरोपों में जब्त किये गये चार वाणिज्यिक जहाजों से हिरासत में लिया गया था. सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को तेहरान में ईरानी विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन के साथ बैठक के दौरान यह अनुरोध किया.

सोनोवाल तेहरान की यात्रा पर थे जहां भारत ने चाबहार के रणनीतिक ईरानी बंदरगाह को संचालित करने के लिए 10 साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर किये थे जिससे पश्चिम एशिया के साथ व्यापार का विस्तार करने में मदद मिलेगी. घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि ईरानी पक्ष के अनुरोध के बाद सोनोवाल और अब्दुल्लाहियन के बीच एक बैठक हुई जहां द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई.

बैठक के दौरान सोनोवाल ने अब्दुल्लाहियन से ईरान की हिरासत में मौजूद सभी भारतीय नाविकों को रिहा करने का अनुरोध किया.
सूत्रों के अनुसार अब्दुल्लाहियन ने कहा कि भारतीय नाविकों की रिहाई को लेकर ईरान का रुख सकारात्मक है, लेकिन इसमें देरी हो रही है क्योंकि कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा. सूत्रों ने कहा कि भारतीय नाविक चार जहाजों स्टीवन, ग्लोबल चेरिलिन, मार्गोल और एमएससी एरीज में काम कर रहे थे. इन जहाजों को पिछले आठ महीनों में ईरान ने विभिन्न आरोपों में जब्त कर लिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu