पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर हमारा था, हमारा है और हमारा रहेगा : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 May 2024 07:49 PM
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर हमारा था, हमारा है और हमारा रहेगा : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

बलिया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर हमारा था, हमारा है और हमारा रहेगा.
रक्षा मंत्री सिंह ने शुक्रवार को सिकंदरपुर में सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रविंद्र कुशवाहा के समर्थन में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को लेकर कहा, ”पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर हमारा था, हमारा है और हमारा रहेगा.” चीन के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा,”भारत ने कुछ खोया नहीं है. भारत का हम कुछ खोने नहीं देंगे. इस समय समान स्तर पर बातचीत का सिलसिला चल रहा है. विश्वास है कि इसका समाधान निकलेगा.”

उन्होंने कहा कि चार चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद भारत ही नहीं दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार 400 से अधिक सीट जीतकर फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने सपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखे हमले करते हुए कहा कि भाजपा सरकार समान नागरिक संहिता को लागू करेगी.

सिंह ने कहा, ”समान नागरिक संहिता को लागू करेंगे, यह हमारी प्रतिबद्धता है. हम किसी धर्म के खिलाफ काम नहीं करते हैं. हिंदू हो, मुस्लिम हो, ईसाई या यहूदी , देश में रहने वाले सभी हमारे भाई हैं. समान नागरिक संहिता की बात मैं इसलिए कर रहा हूं कि भारत के संविधान के नीति निर्धारक सिद्धांतों में यह है.” उन्होंने कहा, ”ये लोग (विपक्षी) कहते हैं कि भाजपा को 400 सीट मिल गई तो मोदी तानाशाह बन जायेंगे, लोकतंत्र समाप्त कर देंगे.” कांग्रेस हुकूमत में आपातकाल की याद दिलाते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, ”लोकतंत्र का गला तो आपने घोंटा है और हम लोगों पर आरोप लगा रहे हैं. कोई माई का लाल लोकतंत्र समाप्त नहीं कर सकता.”

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) को लोग अब ‘समाप्त पार्टी’ कहने लगे हैं, साइकिल (सपा का चुनाव चिह्न) की चेन उतर गयी है. रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की हालत इस कदर पतली हो गई है कि आज से दस साल बाद पूछेंगे कांग्रेस, तो लोग बोलेंगे कौन कांग्रेस. उन्होंने कहा कि जैसे विश्व की धरती से डायनासोर विलुप्त हो गए उसी तरह भारत की धरती से कांग्रेस भी विलुप्त हो जायेगी.
रक्षा मंत्री सिंह ने आप सांसद (स्वाति मालीवाल) के साथ मुख्यमंत्री आवास में हुई घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu