क्या दुश्मन से तारीफ पाने वाले नेता को सरकार बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए: राजनाथ का राहुल पर निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 May 2024 08:01 PM
क्या दुश्मन से तारीफ पाने वाले नेता को सरकार बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए: राजनाथ का राहुल पर निशाना
ऑडियो सुनें

बोकारो. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या ऐसे नेता को सरकार बनाने का मौका देना चाहिए, जिसकी प्रशंसा एक ‘दुश्मन’ कर रहा हो. वह पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन चौधरी के राहुल गांधी की प्रशंसा में दिए गए बयान का जिक्र कर रहे थे.

झारखंड के बोकारो में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कहा, ”पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन चौधरी ने कहा है कि पुलवामा और उरी हमलों में पाकिस्तानी आतंकवादी शामिल थे. यही फवाद हुसैन प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ नहीं करते, बल्कि राहुल गांधी की प्रशंसा कर रहे हैं. मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसे नेता का सम्मान होना चाहिए, जिसकी तारीफ दुश्मन करें. क्या उन्हें सरकार बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए? वह देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? मैं आपसे देश को बचाने की अपील करता हूं.” पाकिस्तान में इमरान खान सरकार में मंत्री रहे फवाद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर राहुल गांधी का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा था, ”राहुल ऑन फायर”.

सिंह ने कहा कि ”पृथ्वी पर कोई भी ताकत” भारत में ‘राम राज्य’ की स्थापना को नहीं रोक सकती. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में बैंक घाटे में थे, लेकिन भाजपा सरकार में सभी बैंकों ने भारी मुनाफा कमाया. राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि सबसे पुरानी पार्टी धर्म के आधार पर आरक्षण का वादा कर रही है, जो संविधान के तहत स्वीकार्य नहीं है.

सिंह ने कहा कि कांग्रेस के सभी प्रधानमंत्रियों ने गरीबी उन्मूलन का वादा किया था और असफल रहे, लेकिन मोदी शासन में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है. राजनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा, ”झामुमो नीत सरकार में झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और मुख्यमंत्री के संरक्षण के बिना यह संभव नहीं है.” उन्होंने जनता से अपील की कि राज्य में सत्तारूढ. गठबंधन को बाहर का रास्ता दिखाएं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu