FIH महिला प्रो लीग : भारत को अर्जेंटीना से मिली 0-5 से हार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 May 2024 07:13 PM
FIH महिला प्रो लीग : भारत को अर्जेंटीना से मिली 0-5 से हार
ऑडियो सुनें

एंटवर्प (बेल्जियम). भारतीय महिला हॉकी टीम की एफआईएच महिला प्रो लीग अभियान के यूरोपीय चरण की शुरुआत निराशाजनक रही, उसे बुधवार को यहां अर्जेंटीना से 0-5 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. अर्जेंटीना के लिए जुलिएटा जानकुनास (53वें, 59वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि ऑगस्टिना गोर्जेलानी (13वें), वेलेंटीना रापोसो (24वें) और विक्टोरिया मिरांडा (41वें) ने एक एक गोल किये.

नये कोच हरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में अपना पहला मैच खेल रही भारतीय महिला टीम लय में नहीं दिखीं और खिलाड़ी पहले दो क्वार्टर में सर्कल में अंदर सेंध लगाने में असमर्थ दिखीं. हैरानी भरी बात रही कि भारत की पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया को टीम में चुने जाने के बावजूद भारतीय टीम लाइनअप से बाहर रखा गया. इससे बीचू देवी खारीबाम ने गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली. अर्जेंटीना की खिलाड़ी शुरू से ही खतरनाक दिखीं. उन्होंने पहले दो क्वार्टर में सात पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये.

उन्होंने लगातार हमलों से भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाये रखा और बार बार प्रतिद्वंद्वी सर्कल में सेंध लगायी. अर्जेंटीना ने पहले क्वार्टर के चौथे और पांचवें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर पर असफलता के बाद दो और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये. दूसरे पर गोर्जेलानी ने 13वें मिनट में भारतीय गोलकीपर को छकाकर गोल दागा. अर्जेंटीना ने 19वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर पर मौका गंवा दिया. लेकिन उसे ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा और रापासो ने 24वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी.

भारतीय डिफेंस तितरा बितरा दिख रहा था और अर्जेंटीना ने हाफटाइम से पहले दो और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिये. उन्होंने तीसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में आठवां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन इससे फायदा नहीं उठा सकीं. तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम थोड़ी बेहतर दिखी. उन्होंने सर्कल में सेंध लगाने के अच्छे प्रयास किये लेकिन ‘फिनिशिंग टच’ की कमी रही. अर्जेंटीना ने 41वें मिनट में मिरांडा के ‘रिवर्स हिट’ गोल से बढ़त तीन गुनी कर दी. कुछ मिनट बाद अर्जेंटीना ने अपना नौवां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, पर इसका फायदा नहीं उठा सका.

दीपिका ने 47वें मिनट में उदिता के पास पर ‘रिवर्स हिट’ किया लेकिन अर्जेंटीना की गोलकीपर क्रिस्टीना कोसेन्टिनो ने इस प्रयास को विफल कर दिया. फिर जानकुनास ने छह मिनट के अंदर दो खूबसूरत मैदानी गोल दागकर स्कोर 5-0 कर दिया. भारतीय टीम अब बृहस्पतिवार को मेजबान बेल्जियम से भिड़ेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu