भारत में जन्मी जया बडिगा अमेरिकी अदालत में न्यायाधीश नियुक्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 May 2024 07:19 PM
भारत में जन्मी जया बडिगा अमेरिकी अदालत में न्यायाधीश नियुक्त
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. भारतीय-अमेरिकी वकील जया बडिगा को कैलिफोर्निया में सैक्रामेंटो काउंटी की उच्च अदालत में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम ने बडिगा की नियुक्ति की. इससे पहले वह 2022 से सैक्रामेंटो काउंटी की उच्च अदालत में आयुक्त के रूप में कार्य कर चुकी हैं.

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में पैदा हुई बडिगा न्यायाधीश रॉबर्ट एस. लाफम की जगह लेंगी जो सेवानिवृत्त हो गए हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी की सदस्य बडिगा ने 2020 में कैलिफोर्निया स्वास्थ्य देखभाल सेवा विभाग में और 2018 में कैलिफोर्निया गवर्नर के आपातकालीन सेवा कार्यालय में एक वकील के रूप में भी काम किया. सैक्रामेंटो कंट्री पब्लिक लॉ लाइब्रेरी के अनुसार, बडिगा एक प्रमाणित पारिवारिक कानून विशेषज्ञ हैं और उन्होंने दस वर्ष से अधिक समय तक पारिवारिक कानून से संबंधित काम किया है.

इस बीच, गवर्नर ने फ्रेस्नो काउंटी के राज सिंह बधेशा को फ्रेस्नो काउंटी की उच्च अदालत में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया.
बधेशा न्यायाधीश जॉन एन. कपेटन का स्थान लेंगे जो सेवानिवृत्त हो गए हैं. वह 2022 से फ्रेस्नो सिटी अटॉर्नी कार्यालय में मुख्य सहायक नगर वकील के रूप में कार्य कर रहे थे . उन्होंने 2012 से कई भूमिकाओं में सेवाएं दी हैं. ‘फॉक्स26न्यूज.’ ने इस महीने के शुरू में खबर दी थी कि बधेशा डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े हैं और फ्रेस्नो काउंटी पीठ में नियुक्त होने वाले पहले सिख बन गए हैं. साथ में वह पगड़ी पहनने वाले कैलिफोर्निया के पहले सिख न्यायाधीश भी हैं. उनकी नियुक्ति का सेंट्रल वैली पंजाबी और एशियाई समुदायों में कई लोगों ने जश्न मनाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu