मांसपेशी की चोट के कारण ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 May 2024 07:18 PM
मांसपेशी की चोट के कारण ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने रविवार को स्पष्ट किया कि वह चोटिल नहीं हैं लेकिन हाल ही में अभ्यास के दौरान मांसपेशियों में ‘कुछ महसूस’ होने के बाद उन्होंने एहतियात के तौर पर चेक गणराज्य में 28 मई को होने वाली ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2024 एथलेटिक्स मीट में भाग नहीं लेने का फैसला किया . चोपड़ा ने कहा कि ओलंपिक वर्ष में वह कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे लिहाजा इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे .

उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा ,” हाल ही में एक थ्रोइंग सत्र के बाद मैने ओस्ट्रावा में नहीं खेलने का फैसला किया क्योंकि मुझे ‘एडक्टर’ मांसपेशी में कुछ महसूस हुआ . पहले भी मुझे इसमें दिक्कत रही है और इस समय मैं जोखिम नहीं लेना चाहता .” उन्होंने कहा ,” मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं चोटिल नहीं हूं लेकिन मैं ओलंपिक वर्ष में कोई जोखिम नहीं लेना चाहता . यही वजह है कि मैने यह फैसला लिया . पूरी तरह उबरने के बाद मैं फिर स्पर्धाओं में भाग लूंगा .” चोपड़ा ने इस सत्र में दो स्पर्धाओं दोहा डायमंड लीग और फेडरेशन कप में भाग लिया है . वह अतिथि के तौर पर इस टूर्नामेंट में पहुंचेंगे .

चोपड़ा के स्पष्टीकरण से चंद घंटे पहले आयोजकों ने कहा था कि वह चोट के कारण टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं . आयोजकों ने एक बयान में कहा था ,” चोपड़ा को दो सप्ताह पहले अभ्यास के दौरान मांसपेशी में चोट लगी थी जिसकी वजह से वह ओस्ट्रावा में नहीं खेल सकेंगे लेकिन अतिथि के तौर पर यहां आयेंगे .” मौजूदा ओलंपिक और विश्व चैम्पियन चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में रजत पदक जीता और भुवनेश्वर में फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक हासिल किया था . चोपड़ा को मूल रूप से गोल्डन स्पाइक में भाग नहीं लेना था लेकिन दोहा डायमंड लीग के दौरान उन्होंने कहा था कि वह इसमें खेलेंगे. चोपड़ा की जगह अब यूरोपीय चैम्पियन जर्मनी के जूलियन वेबर इसमें भाग लेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu