मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर: अंकुशिता जीती, अभिमन्यु हारे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 May 2024 08:28 PM
मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर: अंकुशिता जीती, अभिमन्यु हारे
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. पूर्व विश्व युवा चैंपियन अंकुशिता बोरो ने सोमवार को यहां पेरिस ओलंपिक के दूसरे मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर के 60 किग्रा वर्ग में मंगोलिया की नामून मोनखोर को हराया लेकिन अभिमन्यु लोरा को आयरलैंड के केलिन केसिडी के खिलाफ 80 किग्रा वर्ग में शिकस्त झेलनी पड़ी. अंकुशिता ने मंगोलिया की अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मजबूत शुरुआत की और तीन दौर के बाद 4-1 के खंडित फैसले से जीत दर्ज की.

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता अभिमन्यु ने पहले दौर में बुल्गारिया के 10 बार के राष्ट्रीय चैंपियन क्रिस्टियन निकोलोव को हराया था लेकिन केसिडी उनके खिलाफ मुकाबले के लिए अच्छी तरह तैयार थे और अभिमन्यु के अंतिम दौर में अपना सब कुछ झोंकने के बावजूद 5-0 से जीत दर्ज करने में सफल रहे. मंगलवार को सचिन सिवाच (57 किग्रा), अभिनाश जामवाल (63.5 किग्रा) और निशांत देव (71 किग्रा) ओलंपिक कोटा हासिल करने की दिशा में अपना अभियान आगे बढ़ाने के इरादे से उतरेंगे.

सचिन डेनमार्क के फ्रेडरिक जेनसेन, जामवाल कोलंबिया के जोस मैनुअल वियाफारा फोरी और निशांत मंगोलिया के ओटगोनबातर बयांबा एर्डेन से भिड़ेगे. भारत पेरिस खेलों के लिए पहले ही तीन कोटा हासिल कर चुका है. निकहत जरीन (महिला 50 किग्रा), प्रीति (54 किग्रा) और तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर पेरिस खेलों का कोटा हासिल कर चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu