लोगों को उनकी जरूरत से ज्यादा मुफ्त राशन मिल रहा है : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 07:46 PM
लोगों को उनकी जरूरत से ज्यादा मुफ्त राशन मिल रहा है : राजनाथ
ऑडियो सुनें

विक्रमगंज. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को दावा किया कि मुफ्त राशन योजना के तहत लोगों को उनकी जरूरत से अधिक खाद्यान्न मिल रहा है और वे बचे हुए राशन को बाजार में बेच देते हैं . बिहार के काराकाट संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के पक्ष में विक्रमगंज में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ”जहां तक गरीबी का सवाल है, आज यदि पांच किलो मुफ्त राशन लोगों को मिल रहा है, आप ईमानदारी से बताइए….एक घर में चार लोग हैं तो चारों लोग पांच-पांच किलो (अनाज) लेते हैं. जब पूरा (अनाज) खा नहीं पाते तो कुछ ले जाकर बेच देते हैं.”

उन्होंने कहा, ”हमें नहीं लगता कि हमने लोगों को शौचालय और पक्के मकान प्रदान करके कोई एहसान किया है, क्योंकि हम सेवा की भावना के साथ राजनीति करते हैं.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया, ”दुनिया के सभी देशों से सबसे कम महंगाई कहीं है तो वह भारत में है.” सिंह ने कहा, ”महंगाई का जहां तक सवाल है तो भारत की खाद्य महंगाई सबसे कम 2.91 प्रतिशत है. अमेरिका में 7.7 प्रतिशत, फ्रांस में 19 प्रतिशत, ऑस्ट्रेलिया में 8.5 प्रतिशत, पाकिस्तान में 48 प्रतिशत, ब्रिटेन में 19 प्रतिशत, जर्मनी में 8 प्रतिशत, जापान में 8.5 प्रतिशत और श्रीलंका में 21 प्रतिशत महंगाई है.”

उन्होंने कहा, ”मैं राजद (राष्ट्रीय जनता दल) और कांग्रेस के लोगों से कहना चाहता हूं कि यदि वे हमारी बात को काट सकते हैं जो काट दें. हमारी गलती होगी तो मैं इसे स्वीकार कर लूंगा क्योंकि जिंदगी में मैंने जनता की आंखों में धूल झोंककर राजनीति नहीं की है.” सिंह ने कहा कि लोगों ने बिहार में राजद को देखा है, लेकिन अब इस पार्टी की ह्लहवा निकल गयी है तो उसने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया है.” उन्होंने कहा कि (राजद का चुनाव चिह्न) लालटेन में तेल खत्म हो गया है और उसकी लौ बुझने वाली है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर 52 साल तक शासन किया लेकिन भारत को दुनिया में जो ऊंचाई हासिल करनी चाहिए थी, वह नहीं मिल सकी.

रक्षा मंत्री ने कहा कि बीते 10 साल में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद दुनिया में भारत को लेकर अवधारणा बदली है तथा ह्लआज भारत जब बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है. भारत की हैसियत पूरी दुनिया में बढ़ी है.” सिंह ने दावा किया कि भाजपा की सरकार आने के बाद ”भारत को अब एक कमजोर देश के रूप में नहीं देखा जाता और न ही पाकिस्तान अब आतंकवादियों को भेजने की हिम्मत करता है.”

उन्होंने कहा, ”…रूस और यूक्रेन अपने युद्ध को रोकने के लिए सहमत हुए जिससे वहां फंसे हमारे छात्रों की सुरक्षित वापसी संभव हो पाई.” भाजपा नेता ने कहा, ह्लजैसे दुनिया से डायनासोर विलुप्त हो गए हैं वैसे ही भारत की राजनीति से यह कांग्रेस भी 10 वर्ष के बाद लुप्त हो जाएगी.” केंद्रीय मंत्री ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को खत्म करने और तीन तलाक के खिलाफ कानून लाने के लिए भी सरकार की सराहना की और कहा, ”हम ऐसी किसी भी प्रथा को स्वीकार नहीं करते हैं जो हमारी बहनों और बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाती है. हम वोट की परवाह किये बिना काम करते हैं.”

उन्होंने चुनाव के बाद मोदी सरकार द्वारा किए जाने वाले कल्याणकारी उपायों का जिक्र करते हुए कहा, ”सभी सामाजिक वर्गों के लोग जो 70 वर्ष से अधिक आयु के हैं, उन्हें आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त चिकित्सा उपचार के लिए पात्र बनाया जाएगा. मोदी पहली कैबिनेट बैठक में ही इसे मंजूरी दे सकते हैं.” राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और काराकाट से राजग उम्मीदवार उपेन्द्र कुशवाहा की ओर इशारा करते हुए सिंह ने कहा, ”मुझे खुशी है कि आपको चुनाव चिह्न के रूप में गैस सिलेंडर आवंटित किया गया है क्योंकि मोदी अपने आगामी कार्यकाल में और अधिक गैस सिलेंडर वितरित करने जा रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu