गर्व है कि मैं अपना देश बचाने के लिए जेल जा रहा हूं: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 09:28 PM
गर्व है कि मैं अपना देश बचाने के लिए जेल जा रहा हूं: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

जालंधर/चंडीगढ़. दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि वह देश को ‘बचाने’ के लिए जेल जा रहे हैं. केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में अंतरिम जमानत अवधि बीत जाने पर दो जून को आत्मसमर्पण करना है. वह उच्चतम न्यायालय के आदेश पर एक जून तक के लिए अंतरिम जमानत पर हैं. शीर्ष अदालत ने उन्हें दो जून को आत्मसमर्पण करने को कहा है. उन्हें दिल्ली के कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े एक धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मार्च में गिरफ्तार किया था.

केजरीवाल ने यहां ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ” मैं दो जून को फिर जेल वापस जाने के लिए तैयार हूं. और मुझे गर्व है कि मैं अपने देश को बचाने के लिए जेल जा रहा हूं.” भाजपा नीत केंद्र पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, ” वे (भाजपा वाले) कहते हैं कि केजरीवाल भ्रष्टाचार में लिप्त हैं… उनके पास एक भी सबूत नहीं है. लोग कह रहे हैं कि यदि केजरीवाल भ्रष्ट हैं तो इस दुनिया में कोई भी ईमानदार नहीं है.”

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ” वे कहते हैं कि 100 करोड़ रुपये की चोरी हुई है. उन्होंने 500 स्थानों पर छापा मारा लेकिन उन्हें एक भी पैसा नहीं मिला. क्या 100 करोड़ रुपये हवा में गायब हो गये?” मुख्यमंत्री ने कहा कि एक टीवी साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछा गया कि केजरीवाल कह रहे हैं कि आपके पास कोई सबूत नहीं है, कुछ बरामद नहीं हुआ है, तो उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया. केजरीवाल ने कहा, ”प्रधानमंत्री ने माना कि उनके पास सबूत नहीं है, कुछ मिला नहीं है और ऐसा इसलिए है क्योंकि केजरीवाल अनुभवी चोर हैं. यदि प्रधानमंत्री पूरे देश के सामने मानते हैं कि उनके पास सबूत नहीं है तो इसका मतलब है कि पूरा मामला फर्जी है.”

आरक्षण खत्म करने के लिए भाजपा चाहती है ‘400 पार’: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि भाजपा 400 सीट इसलिए चाहती है ताकि वह आरक्षण को खत्म कर सके. उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश को बचाने के लिए है. केजरीवाल ने जालंधर में व्यापारियों और कारोबारियों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”वे 400 सीट कह रहे हैं. किसी ने पूछा कि आपको (इतनी सीट की) क्या जरूरत है? वे कहते हैं (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी कुछ बड़ा करना चाहते हैं. जब पूछा गया तो पता चला कि वे आरक्षण खत्म करना चाहते हैं और संविधान बदलना चाहते हैं. उन्होंने खतरनाक साजिशें रची हैं.” ‘आप’ नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आढ़तियों और व्यापारियों को ”चोर” कहते हैं.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ”लेकिन हम आपको हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानते हैं. हम आपका बहुत सम्मान करते हैं.” उन्होंने कहा कि जिस तरह देश के विकास के लिए किसान और मजदूर महत्वपूर्ण हैं, उसी तरह व्यापारी, व्यवसायी और उद्योगपति भी महत्वपूर्ण हैं.

उन्होंने कहा, ”आप लोग मेरे लिए कितने महत्वपूर्ण हैं, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि दिल्ली चुनाव खत्म होने के अगले ही दिन मैं फिरोजपुर गया और वहां व्यापारियों के साथ बैठक की.” केजरीवाल ने कहा कि ‘आप’ की सरकार बनने से पहले पंजाब में उद्योग की हालत बहुत खराब थी. उन्होंने कहा, ”व्यापारी राज्य छोड़कर राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात जैसे अन्य राज्यों में जा रहे थे, लेकिन पिछले दो वर्ष में उद्योगों का राज्य से बाहर जाने का सिलसिला थम गया है.”

उन्होंने कहा, ”इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि पिछले दो वर्षों में पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुआ है.” केजरीवाल ने दावा किया कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है और सरकारी खजाने का काफी पैसा बचाया है. उन्होंने कहा, ”उस पैसे से हम पंजाब के लोगों को मुफ्त बिजली दे रहे हैं. आज पंजाब के 83 प्रतिशत लोगों का बिजली का बिल शून्य आ रहा है.”

उन्होंने कहा, ”इसके अलावा हम विभिन्न स्थानों पर मोहल्ला क्लीनिक बना रहे हैं और सरकारी अस्पतालों की स्थिति सुधार रहे हैं. साथ ही हम सरकारी स्कूलों को उत्कृष्ट स्कूलों में बदल रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हमारी नीयत साफ है और हम ईमानदारी से काम कर रहे हैं.” उन्होंने व्यापारियों से पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी को विजयी बनाने की अपील की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu