केरल की मंत्री ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री के पशु बलि के दावे को किया खारिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 May 2024 08:44 PM
केरल की मंत्री ने कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री के पशु बलि के दावे को किया खारिज
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. केरल की उच्च शिक्षा एवं सामाजिक न्याय मंत्री आर. बिंदु ने शुक्रवार को कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उत्तरी केरल में एक मंदिर के पास उनके (शिवकुमार), मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कांग्रेस सरकार के खिलाफ पशु बलि दी गई थी. बिंदु ने कहा कि केरल में ऐसी चीजें नहीं होंगी. मंत्री ने यह भी कहा कि देश के अन्य हिस्सों में समाज को अंधकार भरे दौर में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने कहा, “हमें इस बात की जांच करने की जरूरत है कि क्या हमारे राज्य में भी ऐसी कोशिशें हो रही हैं.” शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि केरल के एक मंदिर में “शत्रु भैरवी यज्ञ” नाम का एक अनुष्ठान किया जाता है, जिसमें जानवरों की बलि दी जाती है. उनका कहना था कि यह अनुष्ठान उनपर (शिवकुमार), सिद्धरमैया और कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के खिलाफ किया गया.
बिना किसी नाम का खुलासा किए उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कुछ राजनीतिक लोग ऐसा करवा रहे हैं और इसके लिए अघोरियों से सलाह ली जा रही है.

उन्होंने दावा किया था, “केरल में राजराजेश्वरी मंदिर के पास शत्रु संहार (शत्रुओं का विनाश) के लिए शत्रु भैरवी यज्ञ किया जा रहा है. इस यज्ञ के लिए ‘पंच बलि’ (पांच प्रकार की बलि) दी जा रही है… 21 बकरियां, तीन भैंस, 21 काली भेड़ें, पांच सूअर…अघोरियों से संपर्क किया जा रहा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu