मुख्यमंत्री साय ने प्रतिष्ठानों में अग्निशामक यंत्र सुनिश्चित करने के लिए दिया जांच का निर्देश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 May 2024 06:43 PM
मुख्यमंत्री साय ने प्रतिष्ठानों में अग्निशामक यंत्र सुनिश्चित करने के लिए दिया जांच का निर्देश
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी सरकारी कार्यालयों और व्यवसायिक इमारतों में अग्निशामक यंत्र की सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि साय ने अधिकारियों को सभी सरकारी कार्यालयों, छोटे-बड़े उद्योगों, होटलों, बहुमंजिला इमारतों, मॉल, ‘गेमिंग जोन’, अस्थाई प्रदर्शनियों, पेट्रोल पंप आदि का मुआयना कर वहां अग्निशामक यंत्रों की सुविधाएं सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है.

साय ने कहा है कि भीषण गर्मी के इस दौर में देश में लगातार अग्नि संबंधी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है. उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिये नियमों का कड़ाई से पालन होना चाहिए. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी संस्था संचालकों से आग्रह किया है कि वे अपने प्रतिष्ठान में अग्निशामक यंत्रों का होना सुनिश्चित करें और समय-समय पर उसका निरीक्षण-परीक्षण भी करें ताकि आपात स्थिति में हालात को तुरंत नियंत्रित किया जा सके और जनहानि से बचा जा सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu