सेंसेक्स पहली बार 77,000 के पार, निफ्टी 23400 के ऊपर…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 10 Jun 2024 10:33 AM
सेंसेक्स पहली बार 77,000 के पार, निफ्टी 23400 के ऊपर…
ऑडियो सुनें

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है और नई सरकार के गठन के बाद बाजार को शानदार बूस्ट मिला है. सेंसेक्स पहली बार 77,000 के पार निकल गया है और निफ्टी 23400 का लेवल पार कर ऐतिहासिक शिखर पर जा पहुंचा है.

बैंक निफ्टी ने बाजार खुलते ही 50,000 का लेवल पार कर लिया था और अपने ऑलटाइम हाई 51,133.20 से थोड़ा ही दूर जाकर कारोबार कर रहा है. बैंक निफ्टी ने ओपनिंग होते ही 50,252.95 का ऊपरी स्तर छू लिया है.

जानिए बाजार का नया रिकॉर्ड हाई लेवल

बीएसई का सेंसेक्स आज बाजार खुलते ही 77,079.04 के ऑलटाइम हाई पर चला गया है. वहीं 23,411.90 के स्तर पर जाकर निफ्टी ने पहली बार 23400 का लेवल पार कर लिया है.

कैसी रही बाजार की ओपनिंग

आज बाजार की शुरुआत ऑलटाइम हाई पर हुई और सेंसेक्स 242.05 अंकों या 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 76,935 पर था जो कि इसका नया रिकॉर्ड हाई है. वहीं एनएसई का निफ्टी 29 अंक या 0.12 फीसदी की तेजी के साथ 23,319.15 पर खुला था.

सेंसेक्स के शेयरों का हाल

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 शेयर उछाल पर कारोबार कर रहे हैं और 16 शेयरों में गिरावट देखी जा रही है. पावरग्रिड के शेयर में 3.33 फीसदी की उछाल है और एक्सिस बैंक 1.63 फीसदी चढ़ा है. अल्ट्राटेक सीमेंट 1.50 फीसदी ऊपर है और नेस्ले में 0.66 फीसदी की मजबूती बनी हुई है. एसबीआई 0.63 फीसदी चढ़कर कारोबार कर रहा है. गिरने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा 2.23 फीसदी, इंफोसिस 1.70 फीसदी, विप्रो 1.65 फीसदी, एचसीएल टेक 1.35 फीसदी, टाइटन 1.11 फीसदी और टीसीएस 1 फीसदी की बढ़त पर ट्रेड कर रहे हैं.

BSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन

BSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन 425.39 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है और अमेरिकी डॉलर में देखें तो ये बाजार पूंजीकरण 5.10 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया है. बीएसई पर 3431 शेयरों में ट्रेड हो रहा है जिसमें से 2424 शेयर बढ़त पर कारोबार कर रहे हैं. 817 शेयरों में गिरावट है और 117 शेयरों में कोई बदलाव नहीं है. 194 शेयरों पर अपर सर्किट लगा हुआ है और इतने ही शेयर आज एक साल की ऊंचाई पर जाकर टिके हुए हैं.

निफ्टी के शेयरों का हाल

निफ्टी के 50 शेयरों में से 27 शेयर इस समय गिरावट पर हैं और 23 शेयरों में तेजी देखी जा रही है. यहां भी पावरग्रिड 2.44 फीसदी चढ़कर टॉप गेनर बना हुआ है और अल्ट्राटेक सीमेंट 2.30 फीसदी ऊपर है. एक्सिस बैंक 1.99 फीसदी, सिप्ला 1.88 फीसदी और अडानी पोर्ट्स 1.66 फीसदी की बढ़त पर है. एनएसई में 2416 शेयरों में कारोबार देखा जा रहा है और इसमें से 1743 शेयर मजबूती पर हैं. 600 शेयरों में गिरावट है जबकि 73 शेयर बिना किसी बदलाव के साथ कारोबार कर रहे हैं.

सेक्टरवार शेयरों का हाल

सेक्टरवार देखें तो आईटी और मेटल सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के हरे दायरे मे कारोबार कर रहे हैं. सबसे ज्यादा 1.54 फीसदी की उछाल देखी जा रही है और रियलटी स्टॉक्स 1.19 फीसदी की बढ़त पर ट्रेड कर रहे हैं.

प्री-ओपनिंग में बाजार की चाल

बीएसई का सेंसेक्स आज मार्केट प्री-ओपनिंग में 319.08 अंक या 0.42 फीसदी चढ़कर 77012.44 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था. इस तरह पहली बार सेंसेक्स ने 77 हजारी होने का गौरव प्री-ओपनिंग में ही हासिल कर लिया है. एनएसई का निफ्टी 41.65 अंक या 0.18 फीसदी की बढ़त के साथ 23331.80 के लेवल पर कारोबार कर रहा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav