क्या प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाएंगे : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Jun 2024 08:31 PM
क्या प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाएंगे : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने तेलुगु देशम पार्टी के नेता एन चंद्रबाबू नायडू के आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बीच बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह दक्षिण भारत के इस राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिलाएंगे.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि जब तक नायडू इस मुद्दे को आक्रामक ढंग से नहीं उठाएंगे, तब तक यह उम्मीद कम ही है कि प्रधानमंत्री कुछ कदम उठाएंगे.

रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मैंने एक भाषण, सात साल पहले राज्यसभा में 2014 के आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के वादे को पूरा करने में मोदी सरकार की विफलता के बारे में दिया था. दुर्भाग्य से, यह आज भी सच है. जब तक नायडू इस मुद्दे को आक्रामक ढंग से नहीं उठाते, इस बात की उम्मीद कम ही है कि प्रधानमंत्री कुछ कदम उठाएंगे. ” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री को यह बात स्पष्ट कर देनी चाहिए कि क्या वह आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाएंगे जैसा कि उन्होंने मार्च 2014 में पवित्र शहर तिरूपति में वादा किया था?”

रमेश ने सवाल किया, ” क्या वह पोलावरम बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना के लिए लंबित धनराशि जारी करेंगे? क्या वह विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र के निजीकरण को रोकेंगे जिसका बीड़ा उनकी सरकार ने उठाया है? ” कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री से यह सवाल भी किया, “क्या वह आखिरकार एपी पुनर्गठन अधिनियम में की गई विभिन्न प्रतिबद्धताओं को मंजूरी देंगे – जिसमें कडपा स्टील प्लांट, दुग्गीराजुपट्टनम बंदरगाह, काकीनाडा पेट्रो कॉम्प्लेक्स और राज्य के लिए एक कृषि विश्वविद्यालय शामिल है – जिसको लेकर वह दस साल से अपने पैर पीछे खींच रहे हैं?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu