कुवैती अधिकारियों ने 45 भारतीयों और फिलीपीन के तीन नागरिकों के शवों की पहचान की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jun 2024 08:37 PM
कुवैती अधिकारियों ने 45 भारतीयों और फिलीपीन के तीन नागरिकों के शवों की पहचान की
ऑडियो सुनें

दुबई/कुवैत सिटी/नयी दिल्ली.  कुवैत के अधिकारियों ने विदेशी श्रमिकों के आवास वाली एक इमारत में आग लगने की घटना में मारे गए 45 भारतीयों और फिलीपीन के तीन नागरिकों के शवों की पहचान कर ली है. एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. दक्षिणी शहर मंगाफ में बुधवार को सात मंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम 49 विदेशी श्रमिकों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए. इस इमारत में 196 प्रवासी श्रमिक रह रहे थे.

अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र ‘अरब टाइम्स’ की खबर के अनुसार प्रथम उप प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री शेख फहद अल-यूसुफ अल-सबा ने कहा कि अधिकारियों ने 48 शवों की पहचान कर ली है जिनमें 45 भारतीय और तीन फिलीपीनी नागरिक हैं. प्रथम उप प्रधानमंत्री ने कहा कि शेष एक शव की पहचान के प्रयास अब भी जारी हैं. कुवैती अधिकारी दक्षिणी कुवैत के मंगाफ क्षेत्र में विनाशकारी आग की घटना में मारे गए लोगों के शवों का डीएनए परीक्षण करा रहे हैं तथा घटना में मारे गए भारतीयों के शवों को वापस लाने के लिए भारतीय वायुसेना का एक विमान तैयार रखा गया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में यह जानकारी दी.

कुवैत आग हादसा : भारतीयों के शवों को वापस लाने के लिए वायुसेना का विमान तैयार

कुवैत के अधिकारी मंगाफ इलाके की एक इमारत में लगी भीषण आग में मारे गये 40 से अधिक भारतीयों के शवों की डीएनए जांच कर रहे हैं और भारतीय वायुसेना के एक विमान को शवों को वापस लाने के लिए तैयार रखा गया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह आग में झुलसे भारतीयों की सहायता की निगरानी करने और मारे गए लोगों के शवों को शीघ्र स्वदेश लाए जाने के लिए कुवैत पहुंच चुके हैं. अधिकारियों ने बताया कि अल-मंगाफ इमारत में आग लगने से कुल 49 लोगों की मौत हुई और माना जा रहा है कि उनमें से 42 भारतीय हैं.

कुवैत पहुंचने के कुछ घंटों बाद सिंह ने कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-या’ा से मुलाकात की. कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि अल-या’ा ने चिकित्सा देखभाल, शवों को शीघ्र वापस भेजने तथा घटना की जांच समेत पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया है.

दूतावास ने ‘एक्स’ पर लिखा, “विदेश मंत्री या’ा ने दुखद घटना को लेकर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने चिकित्सा देखभाल, शवों को शीघ्र वापस भेजने और घटना की जांच समेत पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया.” दूतावास ने कहा, “राज्यमंत्री ने कुवैत के सभी संबंधित प्राधिकारियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की.” अल-या’ा ने विदेशी श्रमिकों के आवास वाले एक अपार्टमेंट में लगी भीषण आग से प्रभावित भारतीयों को पूर्ण सहायता देने का बृहस्पतिवार को आश्वासन दिया और इस त्रासदी की शीघ्र जांच करने की प्रतिबद्धता जताई. सिंह ने मुबारक अल कबीर अस्पताल का भी दौरा किया जहां सात घायल भारतीय भर्ती हैं.

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने बुधवार रात एक बयान जारी कर कहा था, ”कुवैत के मंगाफ क्षेत्र में एक आवासीय इमारत में आज (बुधवार) तड़के आग लगने की एक दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद घटना में मारे गये लोगों में से करीब 40 के बारे में माना जा रहा है कि वे भारतीय थे.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना को ‘दुखद’ करार दिया और विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा सहित अन्य लोगों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की.

बैठक के बाद मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतक भारतीयों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और निर्देश दिया कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करे. विदेश मंत्री ने फोन पर अपने कुवैती समकक्ष अल-या’ा से बातचीत की और उनसे अनुरोध किया कि आग लगने के कारण जान गंवाने वाले भारतीयों के शव शीघ्र भारत भेजे जाएं.

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”(मैंने) कुवैत में आग लगने की घटना के संबंध में कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-या’ा से बातचीत की. (मुझे) इस संबंध में कुवैती अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में बताया गया. (मुझे) आश्वासन दिया गया कि इस घटना की पूरी जांच की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी.” उन्होंने कहा, ”हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को जल्द से जल्द उनके देश भेजने का आग्रह किया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu