प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत एक करोड़ घर बनाने का काम जल्द होगा शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Jun 2024 10:56 PM
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत एक करोड़ घर बनाने का काम जल्द होगा शुरू

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का दूसरा चरण जल्द ही शुरू किया जाएगा और इस योजना के लिए बजटीय आवंटन अगले महीने केंद्रीय बजट में किए जाने की संभावना है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के दूसरे चरण के तौर-तरीकों पर अभी काम जारी है और दूसरा चरण एक महीने से भी कम समय में शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि योजना के दूसरे चरण के तहत शहरी क्षेत्रों में एक करोड़ से अधिक मकान बनाए जाएंगे.

अधिकारी ने कहा, ”योजना का दूसरा चरण जल्द ही शुरू किया जाएगा और यह प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पहले चरण से प्राप्त अनुभवों पर आधारित होगा, जिसमें योजना के बेहतर लक्ष्यीकरण और वितरण में देरी न करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.” एक अन्य अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के दूसरे चरण में तीन श्रेणियां होने की संभावना है, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), निम्न आय वर्ग (एलआईजी) और मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) शामिल हैं.

नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की केंद्रीय कैबिनेट ने 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में आयोजित अपनी पहली बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन करोड़ घरों के निर्माण के लिए सरकारी सहायता को मंजूरी दी. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को मोदी ने 25 जून, 2015 को ‘सभी के लिए आवास’ के दृष्टिकोण के साथ लॉन्च किया था.

By Yogesh Kumar Sahu