कन्नड़ अभिनेता-फिल्म निर्माता रक्षित शेट्टी के खिलाफ ‘कॉपीराइट’ उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज

बेंगलुरु. कन्नड़ अभिनेता और फिल्म निर्माता रक्षित शेट्टी के खिलाफ उनकी फिल्म ‘बैचलर पार्टी’ में एक संगीत कंपनी के दो गानों का कथित तौर पर ‘अनधिकृत उपयोग’ करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि ‘एमआरटी म्यूजिक’ के साझेदार नवीन कुमार ने शेट्टी और उनके प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ यशवंतपुरा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी संगीत कंपनी के दो गाने ‘गालिमथु’ और न्याय एल्लिदे’ का अधिकृत अनुमति प्राप्त किए बिना इस्तेमाल किया गया है.

उसने बताया कि इस मामले के संबंध में अभिनेता को नोटिस जारी किया गया है. शेट्टी और उनकी टीम ने इस आरोप पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है. अभिजीत महेश द्वारा निर्देशित ‘बैचलर पार्टी’ फिल्म इस साल 26 जनवरी को रिलीज हुई थी और शेट्टी की कंपनी ‘परमवाह स्टूडियोज’ ने इसका निर्माण किया था. शिकायतकर्ता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि शेट्टी ने प्रसारण और स्वामित्व अधिकार की अनुमति लिए बिना कॉपीराइट अधिनियम का उल्लंघन करते हुए फिल्म में इन गानों का इस्तेमाल किया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस साल जनवरी में दोनों पक्षों के बीच इन गानों का फिल्म में इस्तेमाल करने के संबंध में चर्चा की गई थी, लेकिन यह असफल रही थी.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”दर्ज शिकायत के आधार पर हमने 24 जून को अभिनेता के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. शिकायतकर्ता से इस मामले में कुछ दस्तावेज भी प्राप्त हुए, जिसके आधार पर 14 जुलाई रविवार को अभिनेता को नोटिस भी भेजा गया है. अभिनेता की टीम को आज नोटिस प्राप्त हुआ है. चूंकि, अभिनेता अन्य फिल्म की शूटिंग के लिए राज्य से बाहर हैं, इसलिए उनके लौटने पर हम उनका बयान दर्ज करेंगे. इस मामले की जांच जारी है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button