कर्नाटक: भूस्खलन के बाद केरल के लापता लॉरी चालक समेत तीन लोगों की तलाश जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Jul 2024 08:00 PM
कर्नाटक: भूस्खलन के बाद केरल के लापता लॉरी चालक समेत तीन लोगों की तलाश जारी
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु/तिरुवनंतपुरम. कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के शिरूर गांव में भारी भूस्खलन के बाद लापता हुए केरल के एक लॉरी चालक समेत तीन लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है. शुक्रवार को एक और शव बरामद होने के बाद 16 जुलाई को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई.

उत्तर कन्नड़ जिले की उपायुक्त के. लक्ष्मी प्रिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “अब तक सात शव की पहचान हो चुकी है तथा केरल के वाहन चालक समेत तीन और लोग लापता बताए जा रहे हैं. हमारा तलाश अभियान जारी है.” कोझिकोड निवासी ट्रक चालक अर्जुन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हम अभी तक नदी के अंदर और भूस्खलन स्थल पर ट्रक का पता नहीं लगा पाए हैं; यह अभी तक दिखाई नहीं दिया है. हम पुर्निनर्माण कार्य कर रहे हैं.” लक्ष्मी प्रिया ने कहा कि आज बरामद शव तमिलनाडु के किसी वाहन चालक का हो सकता है.

उन्होंने कहा, “अभी एक और शव बरामद हुआ है. हमें शव का केवल निचला हिस्सा मिला है. इसलिए हम यह नहीं पहचान पा रहे हैं कि यह किसका शव है. यह एक पुरुष का शव है. इसलिए यह तमिलनाडु के वाहन चालक का हो सकता है.” लक्ष्मी प्रिया ने कहा, “हम शव का डीएनए परीक्षण करा रहे हैं और हमने टैंकर चालक के परिवार से अनुरोध किया है कि वे तमिलनाडु से आकर अपने नमूने दें और यदि नमूने मेल खाते हैं तो हम शव उन्हें सौंप देंगे.”

इससे पहले पुलिस अधीक्षक (कारवार) नारायण एम. ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “कर्नाटक पुलिस मलबा हटाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन लगातार बारिश के कारण अभियान में बाधा आ रही है. हमें उम्मीद है कि हम (लापता लोगों का) पता लगाने में सफल होंगे. हम (अर्जुन के) परिवार के साथ हैं. हम लॉरी का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे.” अर्जुन के परिवार के अनुसार उनकी लॉरी के मलबे में दबे होने का संदेह है और उनका फोन दो बार बजा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.

उन्होंने बताया कि ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) से लैस वाहन उस क्षेत्र में होने की जानकारी मिली है, जहां पहाड़ी के कुछ हिस्से ढह गए थे. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मुख्य सचिव डॉ. वी. वेणु को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मुख्य सचिव घटनास्थल पर मौजूद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से लगातार संपर्क में हैं.

केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से फोन पर बात की और अर्जुन का पता लगाने के लिए तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया. तिरुवनंतपुरम में नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय ने कहा, “शिवकुमार ने आश्वासन दिया कि बचाव अभियान में तेजी लाई जा रही है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu