भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने दर्शकों की कई पीढि़यों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है।

‘सलाम बॉम्बे!’, ‘खामोशी’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में अपनी बहुमुखी प्रतिभा और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में माझी ने कहा कि पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”अपनी असाधारण प्रतिभा, दमदार अभिनय और कला के क्षेत्र में अमूल्य योगदान के जरिए उन्होंने कई पीढि़यों के दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी।” उन्होंने कहा, ”महाप्रभु श्री जगन्नाथ दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें और इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों को शक्ति एवं संबल प्रदान करें। ओम शांति।” पटनायक ने कहा कि पाटेकर के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख हुआ।
बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख ने कहा, ”उनकी संवाद अदायगी की विशिष्ट शैली और जटिल किरदारों को बड़ी आसानी से निभाने के कौशल ने उन्हें भारतीय सिनेमा में एक खास जगह दिलाई। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।” उपमुख्यमंत्रियों के.वी. ंिसह देव और प्रवति परिदा ने भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, ”दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से गहरा दुख हुआ। भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।”