दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की है। यह मामला बुधवार को दिल्ली में हुए उनके विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों को लेकर दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। यह दो दिनों में दोनों नेताओं के खिलाफ दर्ज की गई दूसरी एफआईआर है।
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के आरोप में भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस का कहना है कि मार्च के लिए न तो कोई आवेदन दिया गया था और न ही उसे अनुमति दी गई थी। मंगलवार को आकाशवाणी भवन में आठ घंटे से अधिक समय तक धरना देने पर राहुल-प्रियंका समेत करीब 300 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। वे वोट चोरी का मुद्दा भी उठा रहे थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग तक मार्च करने की योजना बनाई थी, लेकिन उसे अनुमति नहीं मिली थी।