FSSAI Action on Bisleri: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। FSSAI ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है। फिलहाल बिसलेरी इंटरनेशनल की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कंपनी के परिसर से लिया गया था सैंपल
FSSAI के मुताबिक कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लिया गया था। जांच में इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया।
रेफरल लैब में भी असुरक्षित मिला पानी
कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में भी पानी असुरक्षित पाया गया। रेफरल जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी मिली।
खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई
FSSAI के अनुसार जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन पाया गया है। इसी कानून के तहत कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।
कंपनी का पक्ष
बिसलेरी इंटरनेशनल की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। कंपनी का पक्ष आने पर इस खबर को अपडेट किया जा सकता है।