
नयी दिल्ली. अभिनेता राम चरण मेलबर्न भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफएम) में सम्मानि अतिथि होंगे और वहां उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भारतीय कला एवं संस्कृति के दूत का पुरस्कार भी दिया जाएगा. यह फिल्म महोत्सव प्रतिवर्ष विक्टोरियन राज्य सरकार द्वारा आयोजित किया जाता है. इसमें अभिनेता की फिल्मों का पुनरावलोकन किया जाएगा ताकि फिल्म उद्योग में उनके सफर का जश्न मनाया जा सके. यह 15 अगस्त से 25 अगस्त तक चलेगा.
“मैं मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव का हिस्सा बनकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की विविधता और समृद्धि का जश्न मनाता है. हमारे फिल्म उद्योग का प्रतिनिधित्व करना और दुनिया भर के प्रशंसकों और सिनेमा प्रेमियों से जुड़ना एक सौभाग्य की बात है.” अभिनेता ने एक बयान में कहा, “आरआरआर की सफलता और दुनिया भर में इसे मिला प्यार अभिभूत करने वाला है और मैं मेलबर्न में दर्शकों के साथ इस पल को साझा करने के लिए रोमांचित हूं.” आईएफएफएम के महोत्सव निदेशक मीतू भौमिक लांगे ने कहा कि महोत्सव के 15वें संस्करण में राम चरण की उपस्थिति इसमें प्रतिष्ठा की एक परत जोड़ती है.
उन्होंने कहा, “हम मेलबर्न में उनका (राम चरण) स्वागत करने के लिए बहुत खुश हैं और महोत्सव में दर्शकों के साथ उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हैं.” राम चरण की आने वाली फिल्में कियारा आडवाणी के साथ “गेम चेंजर” और जाह्नवी कपूर के साथ “आरसी16” हैं.



