जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र सहित पांच लोगों की मौत, सात घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Jul 2024 08:09 PM
जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र सहित पांच लोगों की मौत, सात घायल
ऑडियो सुनें

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र सहित पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राजौरी जिले में रविवार सुबह एक कैब के खाई में गिर जाने से उसमें सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि कैब सवार थांदिकास्सी से लाम की ओर जा रहे थे, तभी चलान गांव के पास उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया.

अधिकारियों के मुताबिक, कैब चालक अरुण कुमार (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बगलाव निवासी मोहम्मद दीन (65) और उसके बेटे मोहम्मद असलम (40) ने क्रमश: नौशेरा के उपजिला अस्पताल और राजकीय चिकित्सा कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल असलम की पत्नी शाहिदा (40), बेटे आतिफ (10) और रजा (5), बेटी आसिया (7) तथा बहन जरीना (36) की हालत गंभीर है और उनका जीएमसीएच में इलाज किया जा रहा है.

एक अन्य दुर्घटना में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रियासी जिले के बिड्डा गांव में एक परिवार के चार सदस्यों वाली एक महिंद्रा बोलेरो कार 200 फुट नीचे खाई में गिर गई, जिससे गुड्डी देवी और उनकी बेटी शोभा की मौके पर ही मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि देवी के बेटे मुकेश सिंह और उनकी नाबालिग बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu