मुंबई में ‘हिट एंड रन’ का एक और मामला : ऑडी कार ने दो ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर, चार लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 08:00 PM
मुंबई में ‘हिट एंड रन’ का एक और मामला : ऑडी कार ने दो ऑटोरिक्शा को मारी टक्कर, चार लोग घायल
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई के मुलुंड इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में, अपनी तेज रफ्तार ऑडी कार से दो ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे चार लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में कांजुरमार्ग निवासी दत्तात्रेय गोरे (43) को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आरोपी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया था.

अधिकारी ने बताया कि हादसा डम्पिंग रोड पर सुबह करीब छह बजकर 15 मिनट पर हुआ और पुलिस ने बाद में कार को जब्त कर लिया. उन्होंने बताया कि कार ने दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे दो चालक और दो यात्री घायल हो गए. घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के रक्त का नमूना कलीना फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा था. जांच में पता चला कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था. उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबद्ध धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. हाल में, वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी. इस घटना में, दोपहिया वाहन पर सवार एक महिला की मौत हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu