राहुल गांधी ने अग्निवीरों को लेकर देश को गुमराह करने की कोशिश की: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 07:45 PM
राहुल गांधी ने अग्निवीरों को लेकर देश को गुमराह करने की कोशिश की: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने ‘अग्निवीरों’ को लेकर देश को गुमराह करने का प्रयास किया और बजट पर भ्रांति पैदा की है. राहुल गांधी ने केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए आरोप लगाया कि ”सेना के जवानों को अग्निपथ के चक्रव्यूह में फंसाया गया तथा बजट में अग्निवीरों को पेंशन के लिए रुपया नहीं दिया गया.”

उनका भाषण संपन्न होने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ”नेता प्रतिपक्ष ने बजट से संबंधित जो भी भ्रांतियां पैदा की हैं, उस पर वित्त मंत्री जवाब देते समय बात करेंगी. मेरा मानना है कि बजट को लेकर कई भ्रांतियां पैदा की गई हैं.” सिंह ने कहा, ”देश की सुरक्षा का मुद्दा संवेदनशील मुद्दा है. सेना से जुड़े अग्निवीरों को लेकर देश को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है. जब भी आपका (लोकसभा अध्यक्ष) आदेश होगा मैं अग्निवीरों को लेकर अपना बयान देने के लिए तैयार हूं.” राहुल गांधी ने कहा कि रक्षा मंत्री ने पहले भी कहा था कि एक ‘शहीद’ अग्निवीर के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”उनकी बात गलत थी. उस परिवार को बीमा दिया गया था, मुआवजा नहीं. यह सच है. इसे कोई नकार नहीं सकता.” राहुल गांधी के भाषण के दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को सदन के नियमों के बारे में पता होना चाहिए और उन्हें सदन की कार्य प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu