अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए जम्मू से तीर्थयात्रियों का एक और जत्था रवाना

छड़ी मुबारक को श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर ले जाया गया

जम्मू/श्रीनगर. दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए 1,100 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था रविवार तड़के जम्मू के एक आधार शिविर से रवाना हुआ. अधिकारियों ने बताया कि 40 वाहनों में सवार 1,112 तीर्थयात्रियों का 38वां जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच तड़के तीन बजकर 25 मिनट पर भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ.

अधिकारियों के मुताबिक, 29 जून से शुरू हुई वार्षिक अमरनाथ यात्रा के तहत अब तक 4.85 लाख से अधिक तीर्थयात्री 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं, जबकि पिछले साल 4.5 लाख श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की थी. अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे कठिन बालटाल मार्ग से संचालिक वार्षिक अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी.

छड़ी मुबारक को श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर ले जाया गया

स्वामी अमरनाथजी की पवित्र छड़ी मुबारक को रविवार को ‘हरियाली अमावस्या’ के मौके पर पूजा-अर्चना के लिए ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर ले जाया गया. दशनामी अखाड़े की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, “स्वामी अमरनाथजी यात्रा-2024 के सिलसिले में छड़ी मुबारक को महंत दीपेंद्र गिरि जी के नेतृत्व में आज हरियाली-अमावस्या (श्रावण अमावस्या) के मौके पर सदियों पुराने रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना के लिए श्रीनगर में गोपाद्री पहाड़ियों पर स्थित ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर ले जाया गया.” बयान में कहा गया, “जम्मू-कश्मीर की शांति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की गई.” ‘छड़ी मुबारक’ को सोमवार को पुराने श्रीनगर में हरि पर्वत स्थित ‘शारिका-भवानी’ मंदिर ले जाया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button