सीबीआई की छापेमारी के बीच मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस की पिछली सरकार पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 07:35 PM
सीबीआई की छापेमारी के बीच मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस की पिछली सरकार पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस की पिछली सरकार पर राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी) जैसी विश्वसनीय संस्थाओं की छवि खराब करने का आरोप बुधवार को लगाया और कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्ट लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. उनकी यह टिप्पणी कांग्रेस की पिछली सरकार के दौरान राज्य लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के संबंध में राज्य में कई स्थानों पर जारी सीबीआई की छापेमारी के बीच आई है.

साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”लिख रहे हैं सुशासन का नया अध्याय – प्रदेश के युवाओं को मिलेगा न्याय. छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार ने पीएससी जैसी स्वच्छ छवि वाले संस्थान में घोटाला कर उसको बदनाम किया, प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया.” उन्होंने कहा, “अब सुशासन की सरकार में घोटालों की तह तक जांच हो रही है, कोई भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा. युवाओं को न्याय मिलकर रहेगा.”

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित सीजीपीएससी घोटाले के मामले में आज सुबह छत्तीसगढ़ के धमतरी, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर जिलों में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर तलाशी ली. पिछले महीने सीबीआई ने 2020-2022 परीक्षा के दौरान सीजीपीएससी के माध्यम से उप कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक और अन्य वरिष्ठ सरकारी पदों के लिए चयन में पक्षपात के आरोप में छत्तीसगढ़ में दर्ज दो मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी.

दोनों मामलों के अनुसार, सीजीपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक और कई लोक सेवकों और राजनीतिक नेताओं ने अपने बच्चों, रिश्तेदारों और परिचितों की भर्ती कराने के लिए अपने पदों का दुरुपयोग किया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान सीजीपीएससी र्भितयों में कथित अनियमितताओं को लेकर तत्कालीन सत्ताधारी दल कांग्रेस पर निशाना साधा था और वादा किया था कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तब इसकी जांच कराई जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu