बेहद सरल सहज व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव हमेशा लोगों के जेहन में रहेंगे जिंदा: मुख्यमंत्री साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Aug 2024 07:01 PM
बेहद सरल सहज व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव हमेशा लोगों के जेहन में रहेंगे जिंदा: मुख्यमंत्री साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पत्थलगांव तहसील के ग्राम किलकिला में पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के पुण्य तिथि के अवसर पर आयोजित संस्कृति गौरव महासम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए. कार्यक्रम में उन्होंने नगर पंचायत पत्थलगांव को नगरपालिका बनाने सहित कई घोषणाएं की. सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक श्रीमती गोमती साय और श्रीमती रायमुनी भगत, किलकिलाधाम के मुख्य पुजारी 1008 स्वामी कपिलदास जी महाराज भी इस अवसर पर मौजूद रहे.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने सभा में मौजूद साधु, संत और विशाल जनसमूह के बीच स्वर्गीय जूदेव का पुण्य स्मरण करते हुए कहा की वे मेरे राजनैतिक गुरु थे. मैंने 25 साल से अधिक समय तक राजनीति में उनके साथ रहकर काम किया. वे बेहद सरल हृदय के व्यक्ति थे, सभी से अपनेपन के साथ मिलते थे. उनकी किसी के साथ नाराजगी नहीं रही. जिससे भी एक बार मिल लेते थे उसका नाम कभी नहीं भूलते थे. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव का डील-डौल और व्यक्तित्व सहज ही लोगों को आकर्षित करता था.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मोदी की गारंटी को तेजी से पूरा कर रही है. 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से किसानों को धान की कीमत दी जा रही है. छत्तीसगढ़ की महिलाओं को महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रति माह 1000 रूपए की सम्मान राशि दी जा रही है. तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रति मानक बोरा 4000 से बढ़ाकर 5500 रूपए किया गया है.

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव को याद करते हुए कहा की उनकी ऊंगली पकड़कर मैने राजनीति का पाठ सीखा है. वे एक महापुरुष, कर्मवीर और योद्धा थे. मेरा सौभाग्य है की उनके साथ लंबे समय तक काम सीखने का अवसर मिला. कार्यक्रम को विधायक श्रीमती गोमती साय, गहिरा गुरु आश्रम के पुजारी बभ्रुवाहन जी महाराज ने भी संबोधित किया.

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में जनहित में कई घोषणाएं की. जिसमें पत्थलगांव में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की विशाल प्रतिमा का निर्माण, हर वर्ष उनकी जयंती भव्य तरीके से मनाने की घोषणा, किलकिलेश्वर महादेव परिसर में प्रवेश द्वार बनाने के साथ ही बाउंड्रीवाल, सौंदर्यीकरण, परिसर में सोलर लाइट लगाने सहित गौशाला के उन्नयन की घोषणा, नगर पंचायत पत्थलगांव को नगरपालिका बनाने की घोषणा, मांड नदी में बने एनीकेट में घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण की घोषणा, पत्थलगांव के मुख्य चौक से रायगढ़, जशपुर और अंबिकापुर की ओर जाने वाली सड़कों के 3-3 किलोमीटर तक निर्माण किए जाने की घोषणा, पत्थलगांव में मॉडर्न बस स्टैंड, ऑडिटोरियम बनाने की घोषणा, रेस्ट हाउस का उन्नयन का कार्य, नगर पंचायत कोतबा पीएससी को सीएससी बनाए जाने की घोषणा की.

इस अवसर पर कृष्ण कुमार राय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, कमिश्नर जी. आर. चुरेंद्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में लोग मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu