वीर सपूतों के बलिदान से मिली है आजादी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Aug 2024 11:00 PM
वीर सपूतों के बलिदान से मिली है आजादी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक में आयोजित भारतमाता की भव्य आरती के कार्यक्रम में शामिल हुए. इस अवसर पर ‘आरती भारतमाता की, जगत की भाग्य विधाता की’ के मंगलगान से भारतमाता चौक गूंज उठा. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वीर सपूतों के बलिदान से हमें ये आजादी मिली है. हमें इस आजादी के महत्व को हमेशा याद रखना है.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कल हम स्वतंत्रता दिवस का 78वां महोत्सव मना रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मैं आप सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतमाता की आरती के भव्य आयोजन के दसवें वर्ष का यह आयोजन है. मेरी आशा है कि यह कार्यक्रम ऐसे ही निरंतर चलता रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत मुश्किलों से हमें ये आजादी मिली है. हमने स्वतंत्रता की बहुत बड़ी कीमत चुकाई है. हमारे देश के लाखों वीर सपूतों को बलिदान देना पड़ा तब जाकर हमें आजादी मिली. नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, सरदार भगत सिंह, महात्मा गांधी जैसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष से हमें स्वतंत्रता प्राप्त हुई है. हमें इस आजादी के महत्व को हमेशा याद रखना है.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल से तिरंगा सप्ताह का आयोजन करके आज तिरंगा घर-घर तक पहुंचा दिया है. पूरे देश में आज देशभक्ति की बयार बह रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने की है. विकसित भारत बनाने में सभी का योगदान चाहिए. हमें भी छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाना है.

भारतमाता की आरती के कार्यक्रम को महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक राजेश मूणत ने भी सम्बोधित किया. इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू और पुरन्दर मिश्रा, पूर्व सांसद सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu