नयी दिल्ली. नीदरलैंड में ‘सेप्टिमियस’ पुरस्कार 2024 में अजय देवगन अभिनीत फिल्म ”मैदान” को सर्वश्रेष्ठ एशियाई फिल्म का पुरस्कार मिला तो वहीं अभिनेता मोहम्मद जीशान अयूब ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अपने नाम किया. एम्सटर्डम के टुस्चस्िंकी थिएटर में 19-20 अगस्त को आयोजित इस समारोह में जीशान को 2023 की क्राइम ड्रामा सीरीज ”स्कूप” में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ एशियाई अभिनेता चुना गया और निर्देशक अमित रविंद्रनाथ शर्मा की फिल्म ”मैदान” को सर्वश्रेष्ठ एशियाई फिल्म चुना गया.
”स्कूप” में एक समाचार पत्र संगठन के सिद्धांतवादी संपादक इमरान सिद्दीकी की भूमिका के लिए जीशान को दर्शकों से काफी प्रशंसा मिली थी. फिल्म के निर्देशक हंसल मेहता ने ‘सेप्टिमियस’ पुरस्कार जीतने पर अभिनेता को बधाई दी और उन्हें ”नई प्रतिभा और दूरदर्शी विचारों का प्रबल समर्थक” बताया.
मेहता ने सोशल मीडिया के मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”आप प्रतिभाशाली इंसान को दबा कर नहीं रख सकते. इस बहुत देरी से मिले लेकिन बहुत ही योग्य पुरस्कार के लिए जीशान को बधाई.” जीशान ने निर्देशक को जवाब में लिखा, ”बहुत-बहुत धन्यवाद सर.” भारतीय फुटबॉल के ्स्विवणम दौर पर केंद्रित ”मैदान” अजय देवगन अभिनीत सैयद अब्दुल रहीम की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिन्होंने 1950 से 1963 में अपनी मृत्यु तक भारतीय फुटबॉल टीम के कोच और प्रबंधक के रूप में काम किया. यह फिल्म कई बार देरी के बाद अप्रैल माह में ईद पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई.
फिल्म के निर्माता बोनी कपूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”हमारे मेहनती और सर्मिपत कलाकारों और क्रू को बधाई, जिन्होंने मैदान को भव्यता दी.” सेप्टिमियस पुरस्कार की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार यह पुरस्कार एक प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह है, जिसमें नयी स्वतंत्र प्रतिभाओं की खोज और प्रोत्साहन, दूरदर्शी फिल्मों का समर्थन तथा फिल्म निर्माण और कहानी कहने के सभी तत्वों को एक साथ लाने पर जोर दिया जाता है.