‘बर्बाद’ झारखंड को बचाने के लिए लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं : चौहान

भोपाल. केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि लोग ‘बर्बाद’ हो चुके आदिवासी बहुल प्रदेश को बचाने के लिए उनकी पार्टी से हाथ मिला रहे हैं. चौहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने राज्य को बर्बाद कर दिया है, और हर जगह अराजकता है.

उन्होंने आरोप लगाया, ”राजनेताओं और नौकरशाहों के यहां से (जांच एजेंसियों द्वारा छापेमारी में) नोटों के पहाड़ बरामद किए जा रहे हैं. झारखंड के मंत्री एवं अन्य लोग इसमें शामिल हैं. आदिवासियों की जमीनें घुसपैठियों द्वारा हड़पी जा रही है, जो स्थानीय लड़कियों से शादी कर रहे हैं और उनके नाम पर भूखंड खरीद रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”यह चुनाव झारखंड को बचाने के लिए है. इसे बचाने के लिए लोग भाजपा के साथ आ रहे हैं. हम झारखंड में एकजुट होकर अच्छा काम कर रहे हैं.” झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए, जबकि पूर्व झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने एक दिन बाद पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button